नेपाल चुनाव से पहले भारत-नेपाल सीमा 2 मार्च आधी रात से बंद, 5 मार्च तक रहेगा प्रतिबंध
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Nepal News
2 मार्च आधी रात से 5 मार्च तक सीमा बंद.
चुनाव के मद्देनजर कड़े सुरक्षा इंतजाम.
जरूरी सामान और बीमार मरीजों को मिलेगी छूट.
Nepal / नेपाल में 5 मार्च से होने जा रहे चुनावों को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा 2 मार्च की आधी रात से अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। यह फैसला नेपाल के गृह मंत्रालय की ओर से 26 फरवरी को जारी आधिकारिक संदेश के बाद लिया गया है। सीमा 5 मार्च की आधी रात तक बंद रहेगी, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और बिना किसी दबाव के संपन्न हो सकें।
बहराइच के रुपैडिहा स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) के इंचार्ज सुधीर शर्मा ने बताया कि भारत से सटे नेपाल के बांके जिले में सभी बॉर्डर आउटपोस्ट 2 और 3 मार्च की रात 12 बजे से बंद कर दिए जाएंगे। इस दौरान सामान्य आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी। आईसीपी के माध्यम से होने वाला आयात-निर्यात भी अस्थायी रूप से बंद रहेगा। हालांकि दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 42वीं बटालियन के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक बॉर्डर पर प्रतिबंधित आवाजाही लागू रहेगी। सुरक्षा एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। फिलहाल बॉर्डर पर पहले से ही गहन चेकिंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। पूरी जांच के बाद ही लोगों को सीमा पार करने की अनुमति दी जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि कई नेपाली नागरिक रोजगार और व्यवसाय के कारण भारत में रहते हैं। ऐसे मतदाताओं के साथ-साथ गंभीर रूप से बीमार मरीजों और जरूरी परिस्थितियों में फंसे लोगों को सुरक्षा बलों की निगरानी में विशेष अनुमति दी जा सकती है।
हर चुनाव के दौरान सीमा पर इस तरह की एहतियाती व्यवस्था लागू की जाती है, ताकि बाहरी हस्तक्षेप या अवैध गतिविधियों को रोका जा सके। फिलहाल प्रशासन का फोकस शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने और दोनों देशों के बीच समन्वय बनाए रखने पर है।