वसंत कुंज होटल में एयरलाइन कैप्टन की संदिग्ध मौत, जांच जारी

Sat 12-Sep-2026,08:27 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

वसंत कुंज होटल में एयरलाइन कैप्टन की संदिग्ध मौत, जांच जारी Vasant Kunj News
  • वसंत कुंज के होटल द ग्रैंड में एयरलाइन कैप्टन बेहोशी की हालत में मिले, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

  • पुलिस ने क्राइम टीम के साथ होटल के कमरे की जांच की और 12 सितंबर को शव का पोस्टमार्टम कराया।

  • मौत की निश्चित वजह अभी सामने नहीं आई है, अंतिम मेडिकल ओपिनियन के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Delhi / New Delhi :

दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थित होटल द ग्रैंड में एक एयरलाइन कैप्टन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कैप्टन होटल के कमरे में बेहोशी और बेसुध हालत में पाए गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम की अंतिम मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को वसंत कुंज नॉर्थ थाने को PCR कॉल के जरिए होटल द ग्रैंड में ठहरे एक गेस्ट की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम होटल पहुंची। वहां संबंधित व्यक्ति कमरे के अंदर बेहोश और बेसुध हालत में मिले। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया और कमरे की जांच कराई।

पुलिस के अनुसार, मृतक एक एयरलाइन में कैप्टन के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने 10 सितंबर को वसंत कुंज स्थित होटल में चेक-इन किया था। अगले दिन 11 सितंबर की शाम उनके भाई ने होटल मैनेजर से संपर्क किया। भाई ने मैनेजर को बताया कि उनका भाई फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा है। इसके बाद होटल मैनेजर कैप्टन के कमरे तक पहुंचा।

कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास करने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो होटल की मास्टर-की की मदद से दरवाजा खोला गया। कमरे के अंदर कैप्टन बेहोशी की हालत में पड़े मिले। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने बताया कि 12 सितंबर को मृतक के शव का पोस्टमार्टम सफदरजंग अस्पताल में कराया गया। हालांकि अभी तक मौत की निश्चित वजह सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम से जुड़ी अंतिम मेडिकल ओपिनियन मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कैप्टन की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उससे पहले उनके साथ क्या घटनाक्रम हुआ था। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत इंक्वेस्ट की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।