रिवॉल्वर से क्यों चली गोलियां? आजमगढ़ में ट्रिपल मर्डर से सनसनी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Azamgarh Triple Murder
आजमगढ़ के शंभूपुर गांव में पत्नी और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया।
वारदात के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में बंद हो गया।
पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने के बाद तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
Azamgarh / उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में एक युवक ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपनी पत्नी और पूजा कराने आए दो पुजारियों की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों के साथ एक कमरे में बंद हो गया। वारदात की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के मुताबिक, शंभूपुर गांव निवासी अरविंद सिंह शराब का आदी बताया जाता है। उसकी 32 वर्षीय पत्नी बबिता पति की शराब की लत छुड़ाने के लिए मंगलवार शाम घर में पूजा करा रही थी। इसके लिए उसने अहरौला क्षेत्र के पठखौली गांव निवासी 55 वर्षीय महेंद्र पाठक और छिताना गोझा गांव निवासी 50 वर्षीय अखिलेश मिश्र को बुलाया था।
दोनों पुजारी शाम करीब साढ़े छह बजे घर में पूजा करा रहे थे। इसी दौरान अरविंद नशे की हालत में घर पहुंचा। पत्नी को पूजा कराते देखकर वह नाराज हो गया और पूजा-पाठ का विरोध करने लगा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसने दोनों पुजारियों से उनका आधार कार्ड मांगना शुरू कर दिया। इस बात को लेकर अरविंद और पुजारियों के बीच बहस होने लगी।
स्थिति बिगड़ती देख बबिता ने पति को समझाने और शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इससे अरविंद का गुस्सा और बढ़ गया। वह अचानक कमरे की ओर गया और वहां रखी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर वापस आया। इसके बाद उसने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी बबिता को गोली मारी। फिर दोनों पुजारियों पर भी फायरिंग कर दी।
फायरिंग में बबिता, महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्र की मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोगों की हत्या से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में बंद हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
पुलिस जब शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने पहुंची तो ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और शव उठाने से रोक दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी समझाने का प्रयास किया। करीब ढाई घंटे बाद ग्रामीणों को समझाने में सफलता मिली, जिसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे विवाद की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।