रायपुर साहित्य उत्सव 2026 का भव्य आगाज
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Raipur-Sahitya-Utsav-2026-Opening
रायपुर साहित्य उत्सव 2026 में बस्तर के आदिवासी कलाकारों की लोककला और संगीत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक उत्सव का रूप दिया।
तीन दिवसीय उत्सव में 42 सत्र और 120 से अधिक साहित्यकार सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक विषयों पर गहन विमर्श करेंगे।
Raipur/ रायपुर साहित्य उत्सव 2026 का आयोजन छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक धरोहर को प्रमोट करने के उद्देश्य से किया गया है। उद्घाटन समारोह में बस्तर के आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-माॅंदर और लोकगीतों के साथ शानदार प्रस्तुतियां दी। इन प्रस्तुतियों ने साहित्यिक मंच को सांस्कृतिक उत्सव का रूप दे दिया।
राजकुमार कॉलेज के 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने उत्सव में सक्रिय भागीदारी की। उनके द्वारा लिखी गई 100 से अधिक किताबें और रचनाएं युवा सोच और सामाजिक विषयों पर आधारित हैं। ये युवा लेखक उत्सव का आकर्षक केंद्र बने।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उद्घाटन समारोह में कहा कि यह तीन दिवसीय उत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर और युवा प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर है। उन्होंने स्वर्गीय विनोद कुमार शुक्ला के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके सरल और सहज व्यक्तित्व ने छत्तीसगढ़ को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित किया।
उत्सव में कुल 42 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सामाजिक, साहित्यिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक विषयों पर गहन विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा पुस्तक विमोचन, संवाद सत्र और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी शामिल हैं।
रायपुर साहित्य उत्सव साहित्य और संस्कृति का संगम बन चुका है। यह आयोजन केवल लेखकों और साहित्यकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवा प्रतिभा, लोकसंस्कृति और रचनात्मक विचारों को भी मंच प्रदान करता है। तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में देशभर के 120 से अधिक साहित्यकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।