भोपाल में अवैध मदरसा सील, शिकायत पर मंत्री सारंग के निर्देश से कार्रवाई
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Bhopal-Illegal-Madrasa-Sealed-Kalpana-Nagar
भोपाल के कल्पना नगर में बिना अनुमति संचालित मदरसे पर प्रशासन की कार्रवाई, नगर निगम ने भवन खाली कराकर सील किया, मंत्री विश्वास सारंग के निर्देश पर जांच हुई।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि राजधानी भोपाल में अवैध निर्माण, बिना अनुमति संस्थान और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Bhopal/ मध्यप्रदेश की राजधानी Bhopal के कल्पना नगर इलाके में अवैध रूप से संचालित एक मदरसे पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायत मिलने के बाद जांच में मदरसा बिना अनुमति के संचालित पाया गया, जिसके बाद नगर निगम और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को खाली कराते हुए सील कर दिया। यह कार्रवाई राज्य सरकार के मंत्री Vishvas Sarang के निर्देश के बाद की गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला भोपाल के वार्ड क्रमांक 64 स्थित कल्पना नगर क्षेत्र का है। यहां एक कम्युनिटी हॉल का निर्माण स्थानीय लोगों के सामाजिक कार्यक्रमों और शादी समारोहों के लिए किया गया था। लेकिन जांच में पाया गया कि इस भवन पर कब्जा कर उसे मदरसे के रूप में संचालित किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों ने इस संबंध में मंत्री विश्वास सारंग से जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद मंत्री ने प्रशासन को पूरे मामले की जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच में सामने आया कि मदरसा बिना किसी वैध अनुमति के चलाया जा रहा था। साथ ही यह भी पाया गया कि जिस भवन का उपयोग सामुदायिक गतिविधियों के लिए होना था, उसका इस्तेमाल अन्य उद्देश्य के लिए किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए जोन-15 के अधिकारियों ने पहले ही संचालिका रूशदा सुल्तान को नोटिस जारी किया था।
नोटिस की समयसीमा समाप्त होने के बाद नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर भवन को खाली कराया। टीम ने वहां मौजूद सामान बाहर निकलवाया और बाद में पूरे परिसर को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यहां दिन के समय मदरसा संचालित किया जाता था, जबकि शादी या अन्य कार्यक्रम होने पर मदरसे की छुट्टी कर दी जाती थी। कार्रवाई के दौरान परिसर के बाहर मदरसे की किताबों के कुछ फटे हुए पन्ने भी पड़े मिले, जिन्हें बाद में कुछ बच्चे समेटकर ले गए।
बताया जा रहा है कि इसी मदरसे के सामने जनवरी महीने में एक विवाद की घटना भी हुई थी। उस दौरान कुछ युवकों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसी घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मदरसे को लेकर प्रशासन से शिकायत की थी।
मंत्री विश्वास सारंग ने इस मामले में कहा कि राजधानी में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई संस्थान नियमों के विरुद्ध संचालित पाया जाता है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि इस अवैध संचालन के पीछे किन लोगों की भूमिका रही है।