सरगुजा की शिक्षिका विभा चौबे बनीं केबीसी हॉट सीट तक पहुंचने वाली पहली महिला
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
दरिमा गर्ल्स स्कूल की शिक्षिका की यह सफलता ग्रामीण महिलाओं और छात्राओं के लिए आत्मविश्वास व ज्ञान की प्रेरक मिसाल बनी है।
31 दिसंबर और 1 जनवरी को प्रसारित होने वाला केबीसी एपिसोड छत्तीसगढ़ के शिक्षा जगत के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा।
Surguja/ छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की एक साधारण शिक्षिका ने अपनी मेहनत, ज्ञान और आत्मविश्वास के दम पर असाधारण मुकाम हासिल कर लिया है। सरगुजा जिले की विभा चौबे देश के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) की हॉट सीट तक पहुंचने वाली जिले की पहली महिला बन गई हैं। इसके साथ ही वे छत्तीसगढ़ की पहली महिला शिक्षिका भी हैं, जो केबीसी के मंच पर हॉट सीट पर बैठकर सवालों का सामना करती नजर आएंगी।
केबीसी द्वारा जारी किए गए प्रोमो में विभा चौबे महानायक अमिताभ बच्चन के सामने आत्मविश्वास के साथ बैठी दिखाई दे रही हैं। उनका यह विशेष एपिसोड 31 दिसंबर और 1 जनवरी को प्रसारित किया जाएगा। प्रोमो सामने आते ही सरगुजा जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शिक्षा जगत और समाज के विभिन्न वर्गों में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।
विभा चौबे वर्तमान में दरिमा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। वे वर्षों से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। पढ़ाने के साथ-साथ निरंतर अध्ययन और सामान्य ज्ञान में रुचि ने उन्हें इस राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया।
उनकी यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं, शिक्षिकाओं और छात्राओं के लिए एक मजबूत प्रेरणा है। विभा चौबे ने यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद लगन और निरंतर प्रयास से बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।
इस सफलता में उनके परिवार का भी अहम योगदान रहा है। उनके पति प्रमेंद्र चौबे, जो मैनपाट मिडिल स्कूल में प्राचार्य हैं, ने हर कदम पर उनका उत्साह बढ़ाया। शिक्षा से जुड़े इस दंपति की कहानी आज प्रदेशभर में प्रेरणा बन चुकी है।
विभा चौबे की उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग ने भी प्रसन्नता जताई है। विभाग ने इसे राज्य की बेटियों और शिक्षकों के लिए गर्व का क्षण बताया। आज विभा चौबे केवल एक शिक्षिका नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की उस बेटी के रूप में पहचानी जा रही हैं, जिसने शिक्षा के माध्यम से इतिहास रच दिया।