राजपाल यादव को हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत, 12 दिन बाद तिहाड़ जेल से रिहाई
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Rajpal Yadav
दिल्ली हाई कोर्ट ने 1.5 करोड़ जमा होने पर दी अंतरिम जमानत.
9 करोड़ के कर्ज विवाद में 12 दिन तिहाड़ जेल में रहे.
पासपोर्ट जमा करने और देश न छोड़ने की शर्त.
Mumbai / बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव आखिरकार तिहाड़ जेल से रिहा हो गए हैं। करीब 12 दिन सलाखों के पीछे बिताने के बाद उन्हें दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली। मंगलवार, 17 फरवरी को वह जेल से बाहर आए। यह राहत उन्हें लंबे समय से चल रहे 9 करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़े कानूनी विवाद में मिली है।
जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव मीडिया से रूबरू हुए और बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि कानूनी मामलों की जानकारी उनके वकील भास्कर से ली जा सकती है। साथ ही उन्होंने कहा, “2027 में बॉलीवुड में मेरे 30 साल पूरे हो जाएंगे। पूरे देश के लोगों के प्यार और समर्थन की वजह से ही मैं 250 से ज्यादा फिल्में कर पाया। इंडस्ट्री हमेशा मेरे साथ खड़ी रही है।”
कर्ज विवाद कैसे पहुंचा जेल तक?
राजपाल यादव पर आरोप था कि उन्होंने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी और समय पर भुगतान न होने के कारण ब्याज के साथ यह रकम बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई। दिल्ली के एक बिजनेसमैन द्वारा मामला अदालत में ले जाया गया, जिसके बाद सुनवाई के दौरान अदालत ने सख्त रुख अपनाया।
लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद राजपाल ने कोर्ट में स्वीकार किया कि वह फिलहाल पूरी रकम चुकाने की स्थिति में नहीं हैं। कोर्ट के आदेश पर उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था।
इंडस्ट्री का मिला साथ, कोर्ट ने दी राहत
जेल जाने के बाद फिल्म इंडस्ट्री से उन्हें आर्थिक और नैतिक समर्थन मिला। बताया जा रहा है कि सलमान खान, अजय देवगन, सोनू सूद, गुरमीत चौधरी समेत कई कलाकारों ने उनकी मदद की। कोर्ट में उनके वकीलों ने दलील दी कि अभिनेता भुगतान की कोशिश कर रहे हैं और कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करते हैं। अदालत के आदेश पर 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट भी जमा कराया गया।
हालिया सुनवाई में हाई कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ उन्हें 18 मार्च तक अंतरिम जमानत दे दी। अदालत ने निर्देश दिया है कि राजपाल अपना पासपोर्ट जमा करें और बिना अनुमति देश से बाहर न जाएं। उन्हें अगली सुनवाई में उपस्थित रहना होगा और जांच में पूरा सहयोग करना होगा।
आगे क्या?
रिहाई के बाद राजपाल ने कहा कि उन्होंने पिछले 10 वर्षों में अदालत के हर आदेश का पालन किया है और आगे भी करेंगे। उन्होंने हाई कोर्ट का आभार जताया और कहा कि वे हर परिस्थिति में कानून का सम्मान करेंगे।
वर्क फ्रंट की बात करें तो राजपाल यादव जल्द ही अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू जंगल’ में नजर आएंगे। बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने भी उन्हें एक फिल्म ऑफर की है। कानूनी मुश्किलों के बीच भी उनका करियर फिर से रफ्तार पकड़ता दिख रहा है।