दिल्ली को राहत नहीं: कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और जहरीली हवा का कहर
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Delhi-NCR में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और जहरीली हवा का कहर जारी है। IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया, UP में रेड अलर्ट लागू।
शनिवार को दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज, न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंचने पर मौसम विभाग ने शीतलहर घोषित की।
कश्मीर में पहली बर्फबारी के बाद उत्तर भारत में ठंड और तेज, उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट, एक हफ्ते तक घने कोहरे की चेतावनी।
दिल्ली/ उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और इसका सबसे ज्यादा असर दिल्ली-एनसीआर में देखने को मिल रहा है। राजधानी और आसपास के इलाकों में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और जहरीली हवा का ट्रिपल अटैक जारी है। रविवार सुबह भी कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं हवाई और रेल यातायात पर भी इसका असर पड़ा। कई फ्लाइट्स और ट्रेनों के संचालन में देरी की सूचना मिली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया, जिसके बाद आधिकारिक तौर पर शीतलहर की घोषणा कर दी गई।
IMD के मुताबिक, मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे पहुंच जाता है, या सामान्य से कई डिग्री कम रहता है, तो उसे शीतलहर की श्रेणी में रखा जाता है। यही स्थिति फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में बनी हुई है। मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और बताया है कि आंशिक बादल, धुंध और कोहरे का सिलसिला 22 दिसंबर तक जारी रह सकता है।
उधर, कश्मीर में सीजन की पहली बर्फबारी ने उत्तर भारत में ठंड को और तीखा कर दिया है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के चलते दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर का प्रभाव तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश में हालात को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है और अगले एक सप्ताह तक घने कोहरे और भीषण ठंड की चेतावनी दी गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती ठंड के साथ-साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी बेहद खराब श्रेणी में बना हुआ है, जिससे सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।