MP मौसम अपडेट: ठंड बढ़ी, कोहरा छाया

Sat 31-Jan-2026,12:38 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

MP मौसम अपडेट: ठंड बढ़ी, कोहरा छाया MP-Weather-Update-Rain-Fog-Cold-Alert
  • मध्यप्रदेश में पहाड़ी बर्फबारी के असर से ठंड बढ़ी, कई जिलों में कोहरा और बादलों का डेरा

  • मौसम विभाग ने 8 जिलों में बारिश, गरज-चमक और आंधी का अलर्ट जारी किया

Madhya Pradesh / Bhopal :

Bhopal/ मध्यप्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। उत्तर भारत और पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर प्रदेश के तापमान पर पड़ रहा है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। सुबह और रात के समय कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हो रही है।

प्रदेश के आधे हिस्से में कोहरे का असर देखा जा रहा है, जबकि शेष हिस्सों में बादलों ने डेरा डाल रखा है। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने आने वाले कुछ घंटों में प्रदेश के 8 जिलों के लिए गरज-चमक, बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इनमें नर्मदापुरम, पचमढ़ी, विदिशा, राजगढ़ और शाजापुर शामिल हैं, जहां आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की आंधी चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा दोपहर के समय गुना, राजगढ़, सागर और रायसेन के सांची क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है।

शनिवार सुबह से ही शाजापुर जिले में हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं इंदौर में भी बूंदाबांदी हुई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हो रहा है।

अगले तीन दिनों के मौसम को लेकर भी विभाग ने अलर्ट जारी किया है। एक फरवरी को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

दो फरवरी को नीमच, मंदसौर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में बारिश हो सकती है। वहीं तीन फरवरी को ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा जिलों में बारिश के साथ आंधी-गरज का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।