देश में अब सिर्फ 6 नक्सल प्रभावित जिले
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
India-Only-6-Naxal-Affected-Districts-Final-Operation
देशभर में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या घटकर केवल छह रहना केंद्र सरकार की अब तक की सबसे बड़ी आंतरिक सुरक्षा उपलब्धि माना जा रहा है।
नक्सल प्रभाव कम होने से बस्तर सहित प्रभावित क्षेत्रों में निवेश, विकास परियोजनाओं और रोजगार के नए अवसर खुलने की संभावना बढ़ी।
Bijapur/ नक्सलवाद के खिलाफ लंबे समय से चल रहे अभियान में केंद्र सरकार को बड़ी और निर्णायक सफलता मिली है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी ताज़ा सूची के अनुसार अब पूरे देश में केवल छह जिले ही नक्सल प्रभावित बचे हैं। इसे आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। वर्षों की रणनीतिक कार्रवाई, सुरक्षा बलों की तैनाती और विकास योजनाओं के संयुक्त प्रभाव से यह परिवर्तन संभव हो पाया है।
नई सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से अब केवल तीन जिले-सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर नक्सल प्रभावित माने गए हैं। इसके अलावा गरियाबंद जिला भी सूची में शामिल है। शेष दो जिले अन्य राज्यों से संबंधित हैं। पहले जहां दर्जनों जिले नक्सल प्रभाव में थे, वहीं अब संख्या सिमटकर छह रह जाना सरकार की सुरक्षा नीति की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
केंद्र और राज्य सरकारों ने इन छह जिलों को अंतिम और निर्णायक अभियान के लिए चिन्हित किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने समन्वित रणनीति तैयार कर ली है, जिसमें खुफिया तंत्र को मजबूत करना, ड्रोन निगरानी, संयुक्त ऑपरेशन और स्थानीय स्तर पर विश्वास बहाली कार्यक्रम शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार आने वाले महीनों में इन क्षेत्रों में बड़े स्तर पर एंटी-नक्सल ऑपरेशन चलाए जाएंगे। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, आईटीबीपी और राज्य पुलिस के बीच तालमेल बढ़ाया गया है। उनका कहना है कि जल्द ही इन जिलों को भी नक्सल मुक्त घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि नक्सल प्रभाव घटने से बस्तर और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में निवेश और विकास को नई गति मिलेगी। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और दूरसंचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आसान होगा। स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और सामान्य जनजीवन पूरी तरह पटरी पर लौट सकेगा। सरकार की साझा रणनीति और सुरक्षा बलों की सतत कार्रवाई से अब नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन की उम्मीद पहले से अधिक मजबूत दिखाई दे रही है।