MP बजट सत्र शुरू
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
MP-Assembly-Budget-Session-Congress-Uproar
मध्यप्रदेश विधानसभा के 9वें बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से, कांग्रेस ने भागीरथपुरा और कफ सीरप कांड पर हंगामा किया।
जीतू पटवारी ने तीन मंत्रियों की बर्खास्तगी की मांग उठाई, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश कर्ज पर श्वेत पत्र लाने की मांग की।
Bhopal/ मध्यप्रदेश की 16वीं विधानसभा का 9वां बजट सत्र आज राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। सत्र की शुरुआत औपचारिक माहौल में हुई, लेकिन विपक्ष के तीखे तेवरों के कारण पहले ही दिन सदन में हंगामे की स्थिति बन गई। कांग्रेस विधायकों ने इंदौर के भागीरथपुरा दूषित पानी कांड और जहरीले कफ सीरप से बच्चों की मौत जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
सत्र के पहले दिन राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट, प्रदेश की अर्थव्यवस्था, निवेश और विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया गया। हालांकि कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि अभिभाषण में जनहित के गंभीर मुद्दों का उल्लेख नहीं किया गया। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस सदस्यों ने सदन में नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यवाही को कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
बजट सत्र में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भागीरथपुरा कांड को लेकर तीन मंत्रियों को बर्खास्त करने की मांग की। उनका कहना था कि सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कार्रवाई करनी चाहिए। हालांकि अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पहले दिन की कार्यवाही केवल राज्यपाल के अभिभाषण तक सीमित रहेगी।
वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश के बढ़ते कर्ज का मुद्दा उठाते हुए श्वेत पत्र लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बजट में केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि उनके क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति सामने आनी चाहिए। कांग्रेस ने पुराने बजट की घोषणाओं की समीक्षा की भी मांग की है। सत्र के आगामी दिनों में वित्तीय वर्ष के बजट पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि वह जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम करेगा। ऐसे में यह बजट सत्र राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम और संभावित रूप से हंगामेदार माना जा रहा है।