छत्तीसगढ़ में CSC जिला समन्वयक भर्ती 2026
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
CSC-District-Coordinator-Recruitment-Chhattisgarh-2026
स्नातक डिग्री, कंप्यूटर डिप्लोमा या CCC प्रमाण पत्र अनिवार्य, न्यूनतम दो वर्ष का अनुभव और 24 से 35 वर्ष आयु सीमा निर्धारित।
जिला समन्वयक डिजिटल सेवाओं के संचालन, निगरानी, प्रशासनिक समन्वय और वीएलई नेटवर्क के विस्तार की जिम्मेदारी संभालेंगे।
Raipur/ डिजिटल इंडिया मिशन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और नागरिकों को सरकारी डिजिटल सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ के चयनित जिलों में जिला समन्वयक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के माध्यम से डिजिटल सेवाओं के संचालन और विस्तार को गति देने का लक्ष्य रखा गया है।
जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार दुर्ग, कांकेर, जशपुर और कोरबा जिलों में जिला समन्वयक नियुक्त किए जाएंगे। प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थी को उसी जिले का स्थायी निवासी होना आवश्यक है, जिसके लिए वह आवेदन कर रहा है। यह व्यवस्था स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय और कार्यकुशलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
जिला समन्वयक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। चयनित अभ्यर्थी जिले में संचालित सीएससी ई-गवर्नेंस सेवाओं के संचालन, निगरानी और विस्तार के लिए जिम्मेदार होंगे। उन्हें जिला प्रशासन, विभिन्न शासकीय विभागों, ब्लॉक और पंचायत स्तरीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करना होगा। इसके अलावा फील्ड स्टाफ और वीएलई नेटवर्क के साथ मिलकर डिजिटल योजनाओं और सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी। सेवा गुणवत्ता बनाए रखना, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति और नियमित रिपोर्टिंग भी उनके कार्यक्षेत्र में शामिल रहेगा।
शैक्षणिक योग्यता के तहत किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री अनिवार्य रखी गई है। तकनीकी योग्यता के रूप में कंप्यूटर साइंस में कम से कम छह माह का डिप्लोमा या NIELIT का CCC प्रमाण पत्र आवश्यक है। उम्मीदवार को कंप्यूटर संचालन, इंटरनेट उपयोग, एमएस ऑफिस, ई-मेल और ऑनलाइन पोर्टल पर कार्य करने का व्यावहारिक ज्ञान होना चाहिए।
अनुभव की बात करें तो अभ्यर्थी के पास न्यूनतम दो वर्ष का संबंधित कार्य अनुभव होना जरूरी है। आईटी, ई-गवर्नेंस, डिजिटल सेवाओं या सरकारी एवं अर्ध-सरकारी परियोजनाओं में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। आयु सीमा सामान्यतः 24 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है, हालांकि विशेष योग्यता या अनुभव के आधार पर छूट संभव है। वर्तमान में कार्यरत CSC VLE इस पद के लिए पात्र नहीं होंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट https://www.csc.gov.in/ तथा https://career.csccloud.in/login के माध्यम से पूरी की जा सकती है। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना और सही जानकारी भरना अनिवार्य होगा।