गोंडा सड़क हादसा: 11 की मौत, CM योगी ने जताया शोक, परिजनों को 5-5 लाख की सहायता
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

गोंडा सड़क हादसे में 11 की मौत, बोलेरो नहर में गिरी।
सीएम योगी ने जताया शोक, 5-5 लाख की सहायता।
घायलों के इलाज के निर्देश, प्रशासन अलर्ट पर।
Gonda / उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। हादसा गोंडा के इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवा रेहरा मोड़ के पास उस समय हुआ जब एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा। वाहन में कुल 15 लोग सवार थे, जो पृथ्वीनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। सभी लोग मोतीगंज थाना क्षेत्र के सिहागांव गांव के रहने वाले थे।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की मदद से राहत और बचाव कार्य चलाया गया। अब तक नहर से 11 शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से कहा कि “जनपद गोंडा में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।” उन्होंने दिवंगतों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि “प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति और उनके परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।” इस हादसे ने पूरे जिले को शोक में डुबो दिया है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि बोलेरो वाहन कैसे अनियंत्रित हुआ। ग्रामीणों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।