'विकसित कृषि संकल्प अभियान' की शुरुआत 29 मई से – किसानों और वैज्ञानिकों से संवाद करेंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

29 मई से 12 जून तक चलेगा ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’।
किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी।
20 राज्यों में किसानों और वैज्ञानिकों के बीच संवाद व जागरूकता।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर 29 मई से ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का देशव्यापी शुभारंभ ओडिशा के पवित्र पुरी क्षेत्र से किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से किसानों को खरीफ मौसम की उन्नत कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। यह अभियान 15 दिनों तक चलेगा, जिसमें श्री चौहान स्वयं लगभग 20 राज्यों में जाकर किसानों व वैज्ञानिकों से सीधा संवाद करेंगे।
29 मई से 12 जून तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत केंद्रीय मंत्री जम्मू, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, असम, मेघालय, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। प्रत्येक राज्य में वे किसानों की वैज्ञानिक टीमों के साथ सहभागिता करेंगे, उन्हें प्रोत्साहित करेंगे तथा उनकी समस्याएं और सुझाव जानेंगे।
इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य खरीफ सीजन में किसानों को अत्याधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से संतुलित खादों का प्रयोग सुनिश्चित करना, एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। साथ ही, किसानों से नवाचारों पर फीडबैक प्राप्त कर वैज्ञानिक अनुसंधान की दिशा को और बेहतर बनाना भी इसका मुख्य उद्देश्य है।
यह वृहद अभियान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा राज्य सरकारों के सहयोग से 700 से अधिक जिलों में संचालित किया जाएगा। इसमें 731 कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), ICAR के 113 संस्थान, राज्यों के कृषि, बागवानी, पशुपालन और मत्स्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, प्रगतिशील किसान एवं कृषि विशेषज्ञों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। वैज्ञानिकों की टीमें गांवों में जाकर किसानों से सीधा संवाद करेंगी और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार तकनीकी मार्गदर्शन देंगी।