KBC 17 में CRPF इंस्पेक्टर बिप्लव बिस्वास बने करोड़पति, सेकेंडों में जीता 1 करोड़

Fri 02-Jan-2026,04:28 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

KBC 17 में CRPF इंस्पेक्टर बिप्लव बिस्वास बने करोड़पति, सेकेंडों में जीता 1 करोड़ KBC 17 Crpf inspector Biplab Biswas Crorepati
  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पदस्थ CRPF इंस्पेक्टर बिप्लव बिस्वास बने KBC 17 के दूसरे करोड़पति।

  • 1 करोड़ के सवाल का जवाब बिप्लव ने कुछ सेकेंड में देकर अमिताभ बच्चन और दर्शकों को चौंका दिया।

Chhattisgarh / Bijapur :

Bijapur/ अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जा रहे लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ को अपने अंतिम पड़ाव पर दूसरा करोड़पति मिल गया है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पदस्थ CRPF इंस्पेक्टर बिप्लव बिस्वास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 करोड़ रुपये की राशि जीत ली। रांची निवासी बिप्लव ने महज कुछ सेकेंड में 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देकर न सिर्फ बिग बी बल्कि करोड़ों दर्शकों को भी हैरान कर दिया।

बिप्लव बिस्वास ने फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड जीतकर हॉटसीट तक का सफर तय किया। शो की शुरुआत में उन्होंने अमिताभ बच्चन से गले मिलने की इच्छा जताई, जिसे बिग बी ने सहर्ष स्वीकार किया। बातचीत के दौरान बिप्लव ने नक्सल प्रभावित जंगलों में CRPF की ड्यूटी, कठिन परिस्थितियों और ऑपरेशनों के अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने शहीद साथियों के बलिदान को भी भावुक शब्दों में याद किया, जिससे पूरा माहौल गंभीर और प्रेरणादायक हो गया।

खेल के दौरान बिप्लव ने शुरुआती 5 लाख रुपये तक के सभी सवाल बिना किसी लाइफलाइन के जवाब दिए। 12.50 लाख के सवाल पर उन्होंने ऑडियंस पोल का सहारा लिया, जबकि 25 लाख के सवाल पर संकेतसूचक लाइफलाइन का इस्तेमाल किया। 50 लाख रुपये के सवाल पर उन्होंने 50-50 लाइफलाइन चुनी।

इसके बाद आया सबसे रोमांचक पल-1 करोड़ रुपये का सवाल। सवाल था: स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी को फ्रांस से अमेरिका ले जाने वाले जहाज का नाम क्या था? बिप्लव ने बिना समय गंवाए ऑप्शन D चुना और जवाब दिया ‘इसेयर’, जो बिल्कुल सही निकला। उनकी तेजी और आत्मविश्वास देखकर अमिताभ बच्चन भी दंग रह गए।

इस जीत के साथ बिप्लव को 1 करोड़ रुपये के अलावा एक कार भी मिली। उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर अमिताभ बच्चन ने उन्हें परिवार सहित अपने घर डिनर पर आमंत्रित किया। बिप्लव बिस्वास की यह जीत न केवल ज्ञान की बल्कि देश सेवा के जज्बे की भी मिसाल बन गई है।