बारिश से धुला NZ vs PAK सुपर-8 मुकाबला, बिना एक भी गेंद फेंके मैच रद्द
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
NZ vs Pak: T20 World Cup 2026
बारिश के कारण NZ vs PAK मैच रद्द.
टॉस के बाद भी नहीं शुरू हो सका खेल.
दोनों टीमों को मिला एक-एक अंक.
Colombo / टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण की शुरुआत जिस रोमांच के साथ होने की उम्मीद थी, उस पर बारिश ने पानी फेर दिया। शनिवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 का पहला मुकाबला खेला जाना था, लेकिन लगातार बारिश के कारण मैच एक भी गेंद फेंके बिना रद्द करना पड़ा। दोनों टीमों को एक-एक अंक देकर संतोष करना पड़ा।
मुकाबले से पहले टॉस जरूर हुआ, लेकिन उस समय भी हल्की बूंदाबांदी जारी थी। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा और न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर जब टॉस के लिए मैदान पर पहुंचे, तब आसमान में बादल छाए हुए थे। आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव की घोषणा करते हुए फखर जमान को शामिल करने की जानकारी दी, जिन्हें ख्वाजा नफे की जगह मौका मिला। दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने भी अपनी टीम में तीन बदलाव किए थे, जिससे मुकाबले को लेकर उत्साह और बढ़ गया था।
हालांकि, शाम 7 बजे पहली गेंद फेंकी जानी थी, लेकिन बारिश ने खेल शुरू ही नहीं होने दिया। ग्राउंड स्टाफ ने तुरंत पूरे मैदान को कवर से ढक दिया और हालात सुधरने का इंतजार किया जाने लगा। नियमों के मुताबिक, यदि देरी ज्यादा होती तो 8:10 बजे से ओवरों में कटौती शुरू हो जाती। पांच-पांच ओवर का मुकाबला कराने के लिए कट-ऑफ समय रात 10:16 बजे तय था।
लेकिन बारिश रुक-रुक कर होती रही और मैदान पूरी तरह सूख नहीं पाया। आउटफील्ड गीली हो चुकी थी, जिससे खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई। आखिरकार अंपायर्स ने निरीक्षण के बाद मैच रद्द करने का फैसला लिया। इस घोषणा के साथ ही स्टेडियम में मौजूद हजारों प्रशंसकों की उम्मीदें टूट गईं।
यह मुकाबला ग्रुप-2 की दो मजबूत टीमों के बीच था। पाकिस्तान ग्रुप स्टेज में तीन मैच जीतकर सुपर-8 में पहुंचा था, हालांकि उसे भारत के खिलाफ 61 रन की हार का सामना करना पड़ा था। वहीं न्यूजीलैंड ने ग्रुप-डी में चार में से तीन मैच जीतकर दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर-8 में जगह बनाई थी।
सुपर-8 का पहला मुकाबला बिना किसी खेल के खत्म हो जाना टूर्नामेंट के लिए निराशाजनक रहा। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला, लेकिन फैंस जिस हाई-वोल्टेज टक्कर का इंतजार कर रहे थे, वह बारिश की भेंट चढ़ गई। अब दोनों टीमें अगले मुकाबलों में जीत दर्ज कर अंक तालिका में बढ़त बनाने की कोशिश करेंगी।