जबलपुर में ABVP का प्रदर्शन: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय मुद्दों पर उच्च शिक्षा मंत्री का घेराव

Sat 21-Feb-2026,09:42 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

जबलपुर में ABVP का प्रदर्शन: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय मुद्दों पर उच्च शिक्षा मंत्री का घेराव ABVP Protest Jabalpur
  • ABVP ने उच्च शिक्षा मंत्री का किया घेराव. 

  • विश्वविद्यालय की 19 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध.

  • परीक्षा, परिणाम और संसाधनों की कमी पर सवाल.

Madhya Pradesh / Jabalpur :

Jabalpur / अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), जबलपुर महानगर द्वारा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय से जुड़े गंभीर शैक्षणिक और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर आज जोरदार प्रदर्शन किया गया। लंबे समय से लंबित समस्याओं और बार-बार ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद समाधान न होने से आक्रोशित विद्यार्थियों ने मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार का घेराव कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

मंत्री इंदर सिंह परमार आज जबलपुर स्थित होम साइंस कॉलेज के वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में कॉलेज परिसर के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी कर विश्वविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। नारों की गूंज सुनकर मंत्री को जनप्रतिनिधियों के साथ बाहर आना पड़ा, जहां परिषद पदाधिकारियों ने एक-एक कर छात्रों की समस्याएं विस्तार से रखीं।

प्रदर्शन में विश्वविद्यालय की कई गंभीर समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। इनमें बिना पर्याप्त संसाधनों और शिक्षकों के चल रहे पाठ्यक्रम, युवा उत्सव का बकाया शुल्क, डिग्री प्रिंटिंग में देरी, जर्जर भवनों की स्थिति, परीक्षा परिणामों में लगातार विलंब, मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठते सवाल और बुनियादी सुविधाओं की कमी शामिल हैं। परिषद का आरोप है कि इन मुद्दों को लेकर पूर्व में कई बार कुलगुरु को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

छात्र नेताओं का कहना है कि इन अव्यवस्थाओं का सीधा असर छात्रों के शैक्षणिक भविष्य पर पड़ रहा है। उनका आरोप है कि विश्वविद्यालय के शीर्ष पदों पर बैठे अधिकारी समस्याओं के समाधान में असफल साबित हुए हैं। परिषद ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि प्रशासन जिम्मेदारी निभाने में सक्षम नहीं है तो छात्रों को ऐसे सत्ताधीश अधिकारी स्वीकार नहीं हैं।

एबीवीपी के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य माखन शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और जो भी अधिकारी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने कहा कि परिषद छात्रहितों से जुड़े हर मुद्दे पर संघर्ष करती रहेगी। जब तक विश्वविद्यालय में पारदर्शी, जवाबदेह और छात्र-हितैषी व्यवस्था स्थापित नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रांत विश्वविद्यालय संयोजक ऐश्वर्या सोनकर ने बताया कि हाल ही में 19 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक उनका निराकरण नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो परिषद उग्र आंदोलन करेगी।

विश्वविद्यालय मंत्री आयुष बारी ने कहा कि प्रवेश, परीक्षा और परिणामों से जुड़ी समस्याओं ने छात्रों को लंबे समय से परेशान कर रखा है और इनका त्वरित समाधान आवश्यक है।

प्रदर्शन के दौरान महाकोशल प्रांत संगठन मंत्री मनोज यादव, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य माखन शर्मा, महानगर मंत्री आर्यन पुंज, महानगर संगठन मंत्री प्रभात तिवारी, प्रांत सह मंत्री अनमोल सोनकर, ऐश्वर्यां सोनकर, शोभित मिश्रा, अक्षत ताम्रकार, तृषा पांडेय, पारुल साहू, प्रियंका त्रिपाठी, आर्य राजे सिंह,भास्कर पटेल, प्रफुल तिवारी, दिव्यांक पचौरी, लखन मांझी, तनिष्क पांडे, सूर्यांश ठाकुर, अनिमेष केवट, यश पटेल, आशुतोष पटेल, अंशुमन पटेल, आयुष कोष्ठ, संकेत पटेल, पारस पटेल, श्रेयांश पांडे, ऋतिक झा, आदित्या ठाकुर, विराज तोमर, सामी तिवारी, सिद्धांत सिंह लोधी, वेद राइ, पावस तिवारी, कमल अहिर्वार, विकास पांडे, सुजीत पटेल, ईशु दुबे, अंश रजक, आयुष बारी, ऋषि पटेल, कृष्ण ग्वालवंश, ध्रुव दुबे, वरुण शर्मा, हर्ष बेन, जितेंद्र टेकम, आयुष यादव, आकाश खरे, नवनीत सोनकर,सूरज चक्रवर्ती, आदित्या सोनी, अक्षत गुप्ता, हार्दिक विश्वकर्मा आदि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।