MP निगम-मंडल नियुक्तियां जल्द, पहली सूची जारी करने की तैयारी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
MP-Corporation-Board-Appointments-First-List
मध्य प्रदेश में 12 से अधिक निगम-मंडलों और प्राधिकरणों के अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर पहली सूची जल्द जारी हो सकती है।
मोहन यादव सरकार को संगठन और संघ की सहमति मिलने के बाद दिल्ली से भी संभावित नामों पर हरी झंडी मिली है।
Madhya Pradesh/ प्रदेश में निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में नियुक्तियों को लेकर चल रही अटकलों पर जल्द विराम लग सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संघ पदाधिकारियों के बीच कई दौर की बैठकों के बाद संभावित नामों पर सहमति बन गई है। सूत्रों का कहना है कि इन नामों को दिल्ली से भी हरी झंडी मिल चुकी है और कभी भी नियुक्ति आदेश जारी किए जा सकते हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार पहली सूची में 12 से अधिक बड़े निगम-मंडलों और प्राधिकरणों के अध्यक्षों के नाम शामिल हो सकते हैं। इस सूची में पूर्व मंत्रियों और संगठन में सक्रिय रहे नेताओं को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है। चर्चा है कि कुछ पूर्व जिला अध्यक्षों को भी इस सूची में स्थान मिल सकता है।
संभावित सूची में पूर्व मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, कमल पटेल, रामनिवास रावत और इमरती देवी जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि रामनिवास रावत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि विजयपुर विधानसभा उपचुनाव और उससे जुड़ी न्यायिक प्रक्रिया के चलते उन्होंने फिलहाल किसी जिम्मेदारी से दूरी बनाए रखने का संकेत दिया है।
इसके अलावा पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, भाजपा नेता चेतन सिंह, ओम जैन, अशोक जादौन और अनूप भदौरिया के नाम भी चर्चा में हैं। सूत्रों के मुताबिक भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) की जिम्मेदारी चेतन सिंह को और इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) की कमान हरिनारायण सिंह को सौंपी जा सकती है। अपेक्स बैंक के अध्यक्ष पद के लिए भी नाम लगभग तय माना जा रहा है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि जिन विधायकों को मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिल सका, उन्हें निगम-मंडलों या प्राधिकरणों में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। इनमें शैलेंद्र कुमार जैन, प्रदीप लारिया, अजय बिश्नोई और अर्चना चिटनीस जैसे नाम शामिल हैं। इसके साथ ही फरवरी 2026 में एक और बड़ी सूची जारी होने की संभावना है, जिसमें एल्डरमैन और जनभागीदारी समितियों की नियुक्तियां भी शामिल होंगी।