क्रिकेट अंपायर अनिल चौधरी का ‘गोली तो चलेगी’ में दिखा नया अवतार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Goli To Chalegi Song
अनिल चौधरी का अभिनय डेब्यू ‘गोली तो चलेगी’ से.
सुमन गुहा का निर्देशन, नरेश झा का प्रोडक्शन.
लॉन्च इवेंट में फिल्मी सितारों की मौजूदगी.
Mumbai / मुंबई की चमकती शाम उस वक्त और भी रोशन हो उठी जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अंपायर अनिल चौधरी ने हरियाणवी गैंगस्टर एंथम ‘गोली तो चलेगी’ के साथ अभिनय की दुनिया में कदम रखा। क्रिकेट के मैदान पर सटीक फैसलों के लिए पहचाने जाने वाले अनिल अब कैमरे के सामने अपने आत्मविश्वास और स्क्रीन प्रेज़ेंस से दर्शकों को प्रभावित करते नजर आए। यह म्यूज़िक वीडियो अपने बोल्ड कॉन्सेप्ट, सिनेमैटिक ट्रीटमेंट और हाई-ऑक्टेन प्रस्तुति के कारण रिलीज़ होते ही चर्चा का विषय बन गया है।
इस गीत का निर्देशन फैशन डिजाइनर से फिल्ममेकर बने सुमन गुहा ने किया है, जबकि इसे एपिक फिल्म्स के बैनर तले नरेश झा ने प्रोड्यूस किया है। डायमंड की दमदार आवाज़ और स्टाइलिश विज़ुअल ट्रीटमेंट इस वीडियो को महज एक गाने से आगे बढ़ाकर एक एक्शन शॉर्ट फिल्म का रूप देते हैं।
वीडियो में रोहित खरब, चांदनी राउत और हेमेश दीक्षित ने भी प्रभावशाली स्क्रीन प्रेज़ेंस के साथ कहानी को मजबूती दी है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा अनिल चौधरी के आत्मविश्वास भरे डेब्यू की हो रही है, जिसमें उनका वर्षों का अंतरराष्ट्रीय अनुभव झलकता है।
अपने पहले ऑन-स्क्रीन अनुभव पर अनिल चौधरी ने कहा, “मुझे कैमरे से डर नहीं लगा क्योंकि मैं हरियाणवी में कमेंट्री करता रहता हूं। सुमन गुहा ने मुझसे बेहतरीन काम करवा लिया। प्रोड्यूसर नरेश झा का धन्यवाद, जिन्होंने यह अवसर दिया। शूटिंग करके बहुत मज़ा आया। अंपायरिंग और एक्टिंग दोनों का अपना अलग ही मज़ा है।” उनके इस बयान से साफ है कि वे इस नए सफर को लेकर बेहद उत्साहित हैं। लॉन्च इवेंट में फिल्म और टीवी जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। रजनीश दुग्गल और गुरमीत चौधरी ने विशेष रूप से टीम की सराहना की। रजनीश दुग्गल ने कहा कि उन्होंने सुमन गुहा के साथ पहले भी तीन वीडियो में काम किया है और हर बार वह कुछ नया प्रस्तुत करते हैं। वहीं गुरमीत चौधरी ने भी गीत की प्रस्तुति की तारीफ करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
राजीव सेन, मिशिका चौरसिया, विपिन भारद्वाज, सिद्धि आहूजा और प्रियंका सहित कई कलाकारों ने भी अनिल चौधरी के अभिनय डेब्यू को सराहा। निर्देशक सुमन गुहा ने बताया कि उनके दो और गाने जल्द ही रिलीज़ होने वाले हैं, जिनमें अलग और अनोखे कॉन्सेप्ट देखने को मिलेंगे। वहीं प्रोड्यूसर नरेश झा ने घोषणा की कि एपिक फिल्म्स हर महीने एक नया गीत रिलीज़ करने की योजना बना रहा है, ताकि दर्शकों को लगातार ताज़ा कंटेंट मिलता रहे। ‘गोली तो चलेगी’ के साथ अनिल चौधरी ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होती। क्रिकेट के मैदान पर अपने निष्पक्ष निर्णयों से पहचान बनाने वाले अनिल अब कैमरे के सामने भी उतनी ही मजबूती से खड़े दिखाई दे रहे हैं।
यह नया अध्याय न केवल उनके लिए, बल्कि उन सभी के लिए प्रेरणादायक है जो अपने स्थापित करियर से आगे बढ़कर नए सपनों को आज़माने का साहस रखते हैं।
(अनिल बेदाग)