बिलासपुर ने रचा विश्व रिकॉर्ड, 1500 बाल विवेकानंदों ने नशामुक्ति शपथ ली
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Bilaspur-Swami-Vivekananda-World-Record-Nashamukti
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में आयोजित चेतना महोत्सव ने युवा शक्ति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता का मजबूत संदेश दिया।
5625 फीट लंबी स्वामी विवेकानंद रंगोली और भव्य शोभायात्रा आयोजन के प्रमुख आकर्षण बने।
Bilaspur/ स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा महोत्सव के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर ने इतिहास रचते हुए एक अनूठा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में आयोजित स्वामी विवेकानंद चेतना महोत्सव में 1500 बच्चों ने स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा धारण कर सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली और गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुए।
यह भव्य आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पुलिस ग्राउंड, बिलासपुर में आयोजित किया गया, जहाँ 1500 बाल विवेकानंदों ने पूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना का अद्भुत संदेश दिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि मजबूत भारत की नींव स्वस्थ और जागरूक युवा शक्ति पर टिकी है।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण 5625 फीट लंबी स्वामी विवेकानंद की रंगोली रही, जिसे विश्व की दूसरी सबसे बड़ी रंगोली बताया जा रहा है। यह रंगोली न केवल कला का प्रतीक बनी, बल्कि युवाओं में आध्यात्मिक चेतना का संदेश भी देती नजर आई।
इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्वामी विवेकानंद उद्यान में लगी स्वामीजी के जीवन पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्होंने युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। यह प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए भी खुली रखी गई है।
पुलिस ग्राउंड से स्वामी विवेकानंद उद्यान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें 1500 बाल विवेकानंदों सहित हजारों नागरिकों ने भाग लिया। शोभायात्रा ने शहर में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश फैलाया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक सुशांत शुक्ला, धर्मजीत सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अधिकारी और छात्र उपस्थित रहे। यह आयोजन बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने वाला साबित हुआ।