लखनऊ में कुत्तों के हमले से 7 साल की बच्ची की मौत
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Lucknow-Dog-Attack-Girl-Death
रहीमाबाद के तरौना गांव में सात वर्षीय अंशिका की कुत्तों के हमले में मौत से दहशत।
आवारा और हिंसक कुत्तों पर कार्रवाई की मांग, प्रशासन ने टीम सक्रिय की।
lucknow/ रहीमाबाद के तरौना गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब सात साल की अंशिका का शव खेत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि अंशिका सुबह शौच के लिए घर से बाहर गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के दौरान उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में खून से लथपथ अवस्था में मिला।
मृतका अंशिका किसान दिलीप कश्यप की बेटी थी और कक्षा एक की छात्रा थी। मां सोनी ने जब शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आसपास मौजूद कुत्तों को खदेड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा और हिंसक कुत्तों का आतंक पहले से बना हुआ है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग को सतर्क कर दिया गया है। पशु नियंत्रण टीम को सक्रिय किया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की समस्या को उजागर कर दिया है।