होली से पहले ‘ऑपरेशन आघात 4.0’: 918 पर कार्रवाई, हथियार-शराब बरामद, साउथ ईस्ट दिल्ली पुलिस की सख्ती
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Operation Aghaat 4.0
918 लोगों पर कार्रवाई, अवैध शराब व नशा बरामद.
आर्म्स एक्ट में हथियार जब्त, जुआरियों की गिरफ्तारी.
ओपन ड्रिंकिंग और हुड़दंग पर पुलिस की सख्ती.
Delhi / होली के त्योहार से पहले कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात 4.0’ चलाया। इस विशेष अभियान के तहत कुल 918 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस का स्पष्ट उद्देश्य था कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि, हुड़दंग या आपराधिक घटनाओं को पहले ही रोक दिया जाए। अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान कई दिनों तक लगातार चलाया गया और इसे होली से पहले की बड़ी निवारक कार्रवाई माना जा रहा है।
नशा और अवैध शराब पर सख्त प्रहार
अभियान के दौरान मादक पदार्थों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। NDPS एक्ट के तहत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 6.66 किलो गांजा और 12.70 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई। त्योहारों के दौरान नशे की तस्करी और खपत बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है।
इसके अलावा एक्साइज एक्ट के तहत 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 8276 क्वार्टर शराब, 110 बीयर की बोतलें और 28 नीर केन जब्त कीं। अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के नाम पर कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
अवैध हथियार और जुए पर शिकंजा
आर्म्स एक्ट के तहत 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 11 देशी पिस्टल (CMP), 13 जिंदा कारतूस और 20 चाकू बरामद किए। त्योहारों के दौरान हथियारों की मौजूदगी को गंभीर खतरे के रूप में देखा जाता है, इसलिए इस बरामदगी को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जुआ खेलने के आरोप में भी 62 लोगों को पकड़ा गया। मौके से 82,210 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान जुए और सट्टेबाजी की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे अपराध की आशंका भी बढ़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहले से कार्रवाई की गई।
सार्वजनिक स्थानों पर सख्ती
सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए। COTPA उल्लंघन के तहत 63 लोगों से 11,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं एक्साइज एक्ट की धारा 40A और 40B (ओपन ड्रिंकिंग) के तहत 160 कलंदरों में 252 लोगों को बाउंड डाउन किया गया। पुलिस ने साफ कहा है कि सार्वजनिक जगहों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
नए कानून BNSS के तहत भी कार्रवाई
नए कानून भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई। धारा 126 और 169 BNSS (पूर्व 107/150 CrPC) के तहत 9 लोगों को बाउंड डाउन किया गया। वहीं 126/170 BNSS (पूर्व 107/151 CrPC) की 77 कलंदरों में 149 लोगों पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा धारा 129 BNSS (पूर्व 110G CrPC) के तहत 23 कलंदरों में 39 लोगों को बाउंड डाउन किया गया। यह कदम संभावित शांति भंग की आशंका को देखते हुए उठाया गया।
पुलिस का साफ संदेश
दिल्ली पुलिस एक्ट की धारा 66 के तहत 273 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि होली जैसे बड़े त्योहारों पर असामाजिक तत्व सक्रिय हो सकते हैं, इसलिए पहले से सख्ती जरूरी है।
‘ऑपरेशन आघात 4.0’ के जरिए पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि त्योहार की आड़ में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि होली का त्योहार शांति, सौहार्द और सुरक्षा के माहौल में मनाया जाए।