डबरा रेलवे स्टेशन के बाहर दिनदहाड़े हमला

Sat 14-Feb-2026,01:00 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

डबरा रेलवे स्टेशन के बाहर दिनदहाड़े हमला Dabra-Railway-Station-Daylight-Attack
  • डबरा रेलवे स्टेशन के बाहर दिनदहाड़े दो युवकों पर लाठी-डंडों से हमला, दोनों गंभीर रूप से घायल।

  • पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में विशेष टीम जुटी हुई है।

Madhya Pradesh / Daboh :

Dabra/ डबरा शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए जब रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर दिनदहाड़े दो युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना में विष्णु परिहार और आशु श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आधा दर्जन बदमाशों ने खुलेआम मारपीट की और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्टेशन के पास भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी।

घटना डबरा रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने युवकों को घेरकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। आसपास मौजूद लोग भयभीत होकर दूर खड़े रहे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं जुटाई।

घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल डबरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए ग्वालियर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात रेलवे परिसर से महज कुछ कदम की दूरी पर हुई, जहां लगभग एक सैकड़ा पुलिसकर्मी स्टेशन की सुरक्षा में तैनात बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद हमलावरों ने खुलेआम घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।

वर्तमान में डबरा में 10 फरवरी से 20 फरवरी तक नवग्रह शक्तिपीठ की प्राण प्रतिष्ठा का महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए शहर में करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। रेलवे प्रशासन ने भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। ऐसे में स्टेशन के बाहर दिनदहाड़े हुई इस घटना ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला सिटी थाना डबरा क्षेत्र का है और पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।