भोपाल में वेलेंटाइन डे पर विरोध
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Bhopal-Valentines-Day-Protest-Hindu-Groups
भोपाल में वेलेंटाइन डे पर हिंदू संगठनों का विरोध, चिनार पार्क के बाहर नारेबाजी और चेतावनी।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात, प्रमुख पार्कों में निगरानी बढ़ाई गई।
Bhopal/ राजधानी भोपाल में वेलेंटाइन डे को लेकर माहौल गरमा गया, जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के सदस्य चिनार पार्क पहुंचे और हाथों में लट्ठ लेकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता का आरोप लगाते हुए कड़ी चेतावनी दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया और शहर के प्रमुख पार्कों में सतर्कता बढ़ा दी गई।
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने चिनार पार्क के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि वेलेंटाइन डे के नाम पर सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई जोड़ा आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया तो उसका मुंडन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता हाथों में लट्ठ लिए नारेबाजी करते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पार्क के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी रखी जा रही है। वेलेंटाइन डे के अवसर पर शहर के अन्य प्रमुख पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।
राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत मंत्री राकेश प्रजापति ने भी बयान जारी कर कहा कि प्रेम के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि संगठन की कई टीमें शहर के विभिन्न पार्कों में तैनात हैं। इस मौके पर जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र कुंभकार, जिला उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, विकास पटेल और राज ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। फिलहाल शहर में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है।