खपरी बायपास पर CRPF जवानों की कार हादसा

Sat 14-Feb-2026,01:38 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

खपरी बायपास पर CRPF जवानों की कार हादसा CRPF-Car-Truck-Accident-Khapri-Bypass
  • खपरी बायपास पर ट्रक और CRPF जवानों की कार की भीषण टक्कर, तीन जवानों समेत चार की मौत, एक गंभीर घायल।

  • पुलिस जांच शुरू, तेज रफ्तार या लापरवाही की आशंका, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव।

Chhattisgarh / Dhamtari :

DHAMTARI/ छत्तीसगढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सुरक्षा बलों और स्थानीय प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी बायपास के पास ट्रक और CRPF जवानों की कार के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन जवानों सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। हादसा शनिवार सुबह हुआ, जब जवान ड्यूटी से संबंधित कार्य के लिए यात्रा कर रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी बायपास के पास हुई। बताया जा रहा है कि CRPF जवानों की कार सामने चल रही ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, एसआई उमेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार गौड़ और ड्राइवर हीरालाल नागर के रूप में हुई है। वहीं जवान अभिमान राय गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सभी जवान जगदलपुर स्थित 201 बटालियन से रायपुर की ओर जा रहे थे। खपरी बायपास के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। क्रेन और कटर की मदद से वाहन में फंसे जवानों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि ड्राइवर और एक अन्य जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही या तेज रफ्तार की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।