धान भुगतान में रिश्वत पर लोकायुक्त का शिकंजा, सिवनी में ट्रैप कार्रवाई
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
धान भुगतान में रिश्वत पर लोकायुक्त का शिकंजा
सिवनी जिले के समनापुर खरीदी केंद्र में लोकायुक्त ने ₹1500 की रिश्वत लेते कंप्यूटर ऑपरेटर को रंगे हाथ पकड़ा।
धान भुगतान से जुड़े चालान जारी करने के एवज में खरीदी प्रभारी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत पर कार्रवाई हुई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत आरोपियों पर गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।
सिवनी/ मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की सख्ती लगातार देखने को मिल रही है। पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के निर्देश और उप महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में जबलपुर लोकायुक्त इकाई ने सिवनी जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई की। धान की तुलाई के बाद भुगतान से जुड़े चालान देने के एवज में रिश्वत मांगने वाले कर्मचारियों को लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथ पकड़कर भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया।
जबलपुर लोकायुक्त इकाई ने 15 जनवरी 2026 को सिवनी जिले के समनापुर खरीदी केंद्र में ट्रैप कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के एक गंभीर मामले का खुलासा किया। इस कार्रवाई में आवेदक श्री दुर्गेश चंद्रवंशी (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम भौमाटोला, थाना कान्हीवाडा, जिला सिवनी की शिकायत पर लोकायुक्त ने कार्रवाई की।
शिकायत के अनुसार, आवेदक द्वारा धान की तुलाई कराए जाने के बाद भुगतान हेतु आवश्यक चालान जारी करने के बदले आरोपी हसीब अंसारी, पिता यासीन अंसारी (उम्र 57 वर्ष), पद- सेल्समैन (खरीदी प्रभारी), सेवा सहकारी समिति उड़ेपानी, वर्तमान में समनापुर खरीदी केंद्र, जिला सिवनी द्वारा ₹1800 की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। 15 जनवरी 2026 को सहआरोपी मुकेश ठाकुर, पिता चेतन सिंह ठाकुर (उम्र 32 वर्ष), पद- कम्प्यूटर ऑपरेटर (दैनिक वेतनभोगी), उड़ेपानी, जिला सिवनी को ₹1500 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। यह राशि मूल आरोपी हसीब अंसारी के निर्देश पर ली जा रही थी।
ट्रैप कार्रवाई समनापुर खरीदी केंद्र परिसर में की गई, जहां लोकायुक्त दल ने सभी वैधानिक औपचारिकताओं का पालन करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। इस प्रकरण में आरोपीगणों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 12, 13(1)(B) एवं 13(2) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त ट्रैप दल में निरीक्षक शशिकला मस्कुले, ट्रैप लीडिंग ऑफिसर (TLO) निरीक्षक श्री जितेन्द्र यादव सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही। इस कार्रवाई से जिले के खरीदी केंद्रों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है और आम किसानों में न्याय की उम्मीद मजबूत हुई है।