रायगढ़ में मॉडिफाइड कार से 19 किलो गांजा जब्त

Mon 02-Mar-2026,03:31 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

रायगढ़ में मॉडिफाइड कार से 19 किलो गांजा जब्त Raigarh-Ganja-Smuggling-Operation-Aghat
  • ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मॉडिफाइड कार से 19 किलो से अधिक गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी।

  • होली से पहले पुलिस की सख्ती, फरार आरोपी की तलाश तेज, मादक पदार्थ तस्करी पर कड़ी निगरानी।

Chhattisgarh / Raigarh :

Raigarh/ रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो फिल्मी अंदाज में मॉडिफाइड कार के जरिए तस्करी कर रहे थे। आरोपियों ने कार के दरवाजों और बैक लाइट के अंदर गुप्त चेंबर बनाकर गांजा छिपा रखा था। पुलिस ने करीब 19.115 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 17.65 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि पत्थलगांव क्षेत्र का एक व्यक्ति ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ के रास्तेڍ अन्य राज्यों में सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना लैलूंगा और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई।

1 मार्च को लैलूंगा के पाकरगांव अटल चौक के पास चॉकलेट रंग की मारुति सुजुकी रिट्ज (CG 13 UG 9683) को घेराबंदी कर रोका गया। पुलिस को देखते ही कार सवार आरोपी कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे, लेकिन टीम की सतर्कता से उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।

वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को कार के दरवाजों और बैक लाइट के पास विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त चेंबर मिले। इन चेंबरों में सावधानीपूर्वक पैक किया गया गांजा छिपाया गया था। जब्त कुल 19.115 किलोग्राम गांजे की अनुमानित कीमत 17.65 लाख रुपए आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम श्रवण कुमार निषाद और महेंद्र प्रसाद चौहान बताया। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि रामकुमार कुजूर, निवासी महेशपुर पत्थलगांव, उन्हें ओडिशा से गांजा लाने के एवज में प्रति 10 किलोग्राम 10 हजार रुपए देता था। लालच में आकर दोनों आरोपी तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़ गए थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी रामकुमार कुजूर की तलाश तेज कर दी गई है।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।