टीवी एक्टर आशीष कपूर रेप केस में गिरफ्तार | दिल्ली पुलिस कार्रवाई और विवाद
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

टीवी एक्टर आशीष कपूर रेप केस में गिरफ्तार.
दिल्ली की हाउस पार्टी में जबरदस्ती का आरोप.
पुलिस जांच और टीवी इंडस्ट्री में हलचल.
Pune / टीवी इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता आशीष कपूर पर गंभीर आरोप लगे हैं और दिल्ली पुलिस ने उन्हें पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। उन पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया है, जिसने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अगस्त के दूसरे हफ्ते में दिल्ली में एक हाउस पार्टी के दौरान यह घटना घटी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आशीष कपूर की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती हुई और बाद में एक पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें पीड़िता भी शामिल हुई थीं। पीड़िता ने एफआईआर में आशीष कपूर के अलावा एक्टर के दोस्त, उसकी पत्नी और दो अन्य अज्ञात लोगों के नाम भी दर्ज करवाए थे।
पीड़िता का आरोप है कि पार्टी के दौरान आशीष कपूर ने वॉशरूम में उसके साथ जबरदस्ती की। उसने यह भी दावा किया कि इस पूरी घटना की वीडियोग्राफी की गई थी, हालांकि पुलिस को अब तक ऐसा कोई वीडियो सबूत नहीं मिला है। इसके अलावा, पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद जब वह वॉशरूम से बाहर निकली, तो आशीष कपूर के दोस्त की पत्नी ने उसकी पिटाई की। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वही महिला सबसे पहले पीसीआर कॉल करके पुलिस को सूचना देने वाली थी।
बाद में पीड़िता ने अपना बयान बदल दिया और कहा कि सिर्फ आशीष कपूर ने ही उसके साथ रेप किया था। इस वजह से मामला और जटिल हो गया है और जांच एजेंसियां अब अलग-अलग एंगल से जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि आशीष कपूर टीवी जगत के लोकप्रिय चेहरों में से एक रहे हैं। उन्होंने कई धारावाहिकों में काम किया है, जिनमें ‘देखा एक ख्वाब’ काफी चर्चित रहा। इसके अलावा, उन्होंने फिल्मों की दुनिया में भी कदम रखा और ‘कुर्बान’, ‘टेबल नंबर 21’ और ‘इनकार’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया। लंबे समय से वे पर्दे से दूर थे, लेकिन 2016 में अपनी को-स्टार के साथ रिलेशनशिप को लेकर सुर्खियों में आए थे। चार साल तक चले इस रिश्ते का अंत ब्रेकअप के साथ हुआ।
फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आशीष कपूर की गिरफ्तारी ने न केवल उनके करियर पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि टीवी इंडस्ट्री में भी हलचल मचा दी है।