2026 की शुरुआत कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के बीच
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
2026-की-शुरुआत-कड़ाके-की-ठंड,-शीतलहर-और-घने-कोहरे-के-बीच
नए साल 2026 की शुरुआत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के साथ हुई, जनजीवन प्रभावित।
पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी ठंडी हवाओं के कारण जनवरी के पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान और गिरने की संभावना।
यूपी, बिहार, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी जारी।
दिल्ली/ नए साल 2026 की शुरुआत उत्तर भारत के लिए बेहद सर्द हालात लेकर आई है। नववर्ष के पहले ही दिन उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड, शीतलहर, कोहरा और बारिश-बर्फबारी लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी ठंडी हवाओं के कारण सामान्य जनजीवन से लेकर किसान और यात्री प्रभावित नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने जनवरी के पहले सप्ताह में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है।
पहाड़ी राज्यों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में बादल, हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण दो जनवरी तक पहाड़ों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी तथा मैदानी इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दस दिनों में तीन पश्चिमी विक्षोभों ने उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित किया है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। पांच जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के प्रवेश की संभावना है, जिससे ठंड और तेज हो सकती है।
उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। तीन और चार जनवरी से ठंडी हवाएं पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार तक पहुंचेंगी, जिससे वहां भी शीतलहर की स्थिति बन सकती है।
घने कोहरे को लेकर भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मौसम विभाग ने बताया है कि पांच जनवरी तक कई राज्यों में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, तीन जनवरी के बाद आसमान साफ होगा, लेकिन इसके साथ ही तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड और ज्यादा सताएगी।