बीएचयू हॉस्टल के बाहर छात्र पर फायरिंग, बाल-बाल बचा, सुरक्षा पर उठे सवाल
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
BHU Firing Incident
हॉस्टल के बाहर छात्र पर कई राउंड फायरिंग.
छात्र सुरक्षित, कैंपस में सुरक्षा पर सवाल.
पुलिस जांच जारी, छात्रों का धरना.
Varanasi / वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब हॉस्टल के बाहर खड़े एक छात्र पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। राहत की बात यह रही कि छात्र इस हमले में बाल-बाल बच गया, लेकिन घटना के बाद से पूरे कैंपस में दहशत का माहौल है।
छात्र के मुताबिक, वह रात करीब साढ़े नौ बजे अपने हॉस्टल के बाहर खड़ा था। तभी बाइक पर सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक उस पर गोली चलानी शुरू कर दी। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद छात्र इधर-उधर भागने लगे। बाद में मौके से खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए, जिन्हें छात्रों ने पुलिस को सौंप दिया।
घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों का आरोप है कि परिसर में बाहरी तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है और सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं। आक्रोशित छात्र बड़ी संख्या में धरने पर बैठ गए और यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब तक सख्त सुरक्षा उपाय नहीं किए जाते, उनका विरोध जारी रहेगा।
सूचना मिलते ही काशी क्षेत्र के एडीसीपी वैभव बांगड़, एसीपी और थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। एडीसीपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थल का मुआयना किया और छात्रों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। विश्वविद्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे। छात्रों और अभिभावकों के बीच इस घटना को लेकर चिंता बनी हुई है।