अफगान सीमा पर पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, 19 नागरिकों की मौत का दावा, काबुल ने दी जवाबी चेतावनी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Pakistan Airstrike
पाकिस्तान का टीटीपी कैंपों पर एयरस्ट्राइक का दावा.
अफगानिस्तान ने 19 नागरिकों की मौत का आरोप लगाया.
दोनों देशों के बीच बढ़ा सीमा तनाव.
Pakistan / पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात पाकिस्तान ने अफगान सीमा के पास आतंकियों के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक करने का दावा किया है। पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई हालिया फिदायीन हमलों के जवाब में की गई, जिनमें उसके सैनिकों की जान गई थी।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी दी कि सेना ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और उसके सहयोगी संगठनों के सात ठिकानों को इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन में निशाना बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि सीमा क्षेत्र में इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक गुट पर भी कार्रवाई की गई है। हालांकि, पाकिस्तान ने हमलों के सटीक स्थानों का खुलासा नहीं किया।
सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये हमले अफगानिस्तान के भीतर पक्तिका और नंगरहार प्रांत में हुए। टोलो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तानी वायुसेना ने पक्तिका के बरमल जिले में एक धार्मिक मदरसे को निशाना बनाया। इसके अलावा नंगरहार के खोगयानी, बहसोद और गनी खेल जिलों में भी हवाई हमलों की खबरें सामने आई हैं।
अफगान सरकार ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है। काबुल का दावा है कि पाकिस्तान ने एक मदरसे पर हमला किया, जिसमें 19 आम नागरिकों की मौत हुई है। अफगानिस्तान ने इस हमले का बदला लेने की बात भी कही है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका है।
यह कार्रवाई उस समय हुई है, जब हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर और बन्नू जिलों में आत्मघाती हमलों में कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे। पाकिस्तान का आरोप है कि इन हमलों की साजिश अफगानिस्तान में बैठे टीटीपी नेतृत्व ने रची।
गौरतलब है कि 2021 में अफगान तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद से दोनों देशों के रिश्ते लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। सीमा पर कई बार झड़पें हो चुकी हैं और युद्धविराम के बावजूद हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं। फिलहाल स्थिति बेहद संवेदनशील है और क्षेत्रीय स्थिरता पर इसके असर को लेकर चिंता जताई जा रही है।