अमरनाथ यात्रा 2026 पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू, नियम और जानकारी जारी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Amarnath-Yatra-2026-Registration
अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए 15 अप्रैल से पंजीकरण शुरू, 554 बैंक शाखाओं में सुविधा, 20 मई अंतिम तिथि निर्धारित की गई।
समूह और विदेशी श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रक्रिया, पहलगाम और बालटाल मार्ग के लिए परमिट पंजीकरण के साथ जारी किया जाएगा।
Amarnath Yatra 2026/ श्री बाबा अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए देशभर के शिव भक्तों का इंतजार अब खत्म हो गया है। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने एडवांस पंजीकरण की प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू करने की घोषणा की है। श्रद्धालु 20 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
श्राइन बोर्ड के अनुसार, इस बार देशभर में कुल 554 बैंक शाखाओं के माध्यम से पंजीकरण किया जाएगा। इनमें पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक और यस बैंक शामिल हैं। श्रद्धालु इन बैंकों की चयनित शाखाओं में जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
यात्रा के लिए कुछ महत्वपूर्ण नियम भी तय किए गए हैं। श्रद्धालुओं की आयु 13 वर्ष से कम और 70 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा 9 अप्रैल 2026 के बाद जारी किया गया स्वास्थ्य प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। हर यात्री के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक पंजीकरण अनिवार्य रहेगा।
पंजीकरण के दौरान प्रति व्यक्ति 150 रुपये शुल्क लिया जाएगा। वहीं समूह पंजीकरण के लिए अलग व्यवस्था की गई है। 5 से 30 श्रद्धालुओं का समूह एक साथ पंजीकरण करा सकता है, जिसके लिए समूह लीडर को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा। समूह पंजीकरण के लिए प्रति व्यक्ति 250 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
श्रद्धालुओं को पंजीकरण के समय ही पहलगाम या बालटाल मार्ग के लिए यात्रा परमिट दिया जाएगा। इसके अलावा यात्रा के दौरान RFID कार्ड अनिवार्य होगा, जिसके बिना यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विदेशी नागरिकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। वे पंजाब नेशनल बैंक के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया द्वारा पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए पासपोर्ट, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज जमा करने होंगे। प्रति विदेशी यात्री 1550 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
श्राइन बोर्ड ने बताया कि यात्रा से पहले प्रथम पूजा 29 जून को आयोजित की जाएगी। हालांकि यात्रा की आधिकारिक शुरुआत की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। परंपरा के अनुसार यात्रा रक्षा बंधन तक चलेगी।
इस बार यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे समय पर पंजीकरण कराएं और सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें।