धनबाद में युवक की हत्या से सनसनी: शव मिलने के बाद सड़क जाम, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Dhanbad News
धनबाद में युवक की संदिग्ध मौत से हड़कंप.
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए.
सड़क जाम और जांच की कार्रवाई जारी.
Dhanbad / धनबाद के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब हीरापुर-चिरागोड़ा श्मशान रोड के पास मैदान में एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चिरागोड़ा निवासी 42 वर्षीय राजेश चंद्रवंशी के रूप में हुई है, जिनका घर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर है। जैसे ही शव मिलने की सूचना फैली, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए और माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई ने बताया कि राजेश की रविवार रात मोबाइल पर आखिरी बार बात हुई थी, जिसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया था। रातभर परिवार ने उनकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों का कहना है कि उन्हें कुछ दुकानदारों ने बताया था कि एक व्यक्ति राजेश की दुकान पर आकर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर गया था। इसके बाद परिवार ने थाने में सूचना देने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की।
इसी बात को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने शव को सड़क पर रखकर रणधीर वर्मा चौक पर जाम लगा दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि अगर पुलिस समय पर सक्रिय होती तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी। बाद में पुलिस और प्रशासन के समझाने के बाद लोगों ने जाम हटाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इस मामले में धनबाद विधायक राज सिन्हा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने एसएसपी से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही साबित होती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ड्यूटी पर तैनात ओडी पुलिस पदाधिकारी की लापरवाही सामने आई है और उसके खिलाफ सस्पेंशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।