CDS में ऑल इंडिया चौथा स्थान
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Supriya-Singh-CDS-Air-4-Chhattisgarh
मुंगेली की छात्रा सुप्रिया सिंह ने CDS परीक्षा में ऑल इंडिया चौथा स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
किसान परिवार से आने वाली सुप्रिया ने अनुशासन, एनसीसी प्रशिक्षण और कठिन परिश्रम के बल पर भारतीय सेना अधिकारी बनने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की।
मुंगेली/ छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव और प्रेरणा का क्षण है। मुंगेली जिले की प्रतिभाशाली छात्रा सुप्रिया सिंह ने संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा में ऑल इंडिया चौथा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित महानदी भवन में उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से साधारण पृष्ठभूमि का युवा भी असाधारण ऊंचाइयां हासिल कर सकता है।
मुंगेली जिले के ग्राम टेढ़ाधौंरा की रहने वाली सुप्रिया सिंह किसान परिवार से संबंध रखती हैं। उनके माता-पिता संतोषी सिंह और वैदेही शरण सिंह ने शिक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सुप्रिया ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की। 10वीं में 71 प्रतिशत और 12वीं में 58 प्रतिशत अंक प्राप्त करने के बाद उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में बी.टेक की डिग्री हासिल की।
इंजीनियरिंग के दौरान सुप्रिया राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) से जुड़ी रहीं और जूनियर अंडर ऑफिसर का दायित्व संभाला। एनसीसी प्रशिक्षण ने उनके भीतर अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूत किया। इसी दौरान उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी बनने का संकल्प लिया।
वर्ष 2023 में इंजीनियरिंग पूर्ण करने के बाद उन्होंने पूरी एकाग्रता के साथ CDS परीक्षा की तैयारी शुरू की। कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने लिखित परीक्षा के साथ-साथ एसएसबी साक्षात्कार में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और ऑल इंडिया चौथा रैंक प्राप्त किया।
सुप्रिया की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि ग्रामीण परिवेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है और युवाओं के लिए एक सशक्त संदेश कि परिस्थितियां नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प सफलता तय करता है।