भोपाल विधानसभा में सियासी संग्राम
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Bhopal-Assembly-Congress-BJP-Political-Row-2026
विधानसभा में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का तीखा हमला, जनकल्याणकारी योजनाओं को बताया सरकार की उपलब्धि।
लापता महिलाओं और बच्चियों के आंकड़ों पर कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
Bhopal/ राजधानी भोपाल में विधानसभा सत्र के दौरान राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस के प्रदर्शन, महिला सुरक्षा के मुद्दे और बजट विरोध को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली। इसी बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान को लेकर भी सियासत तेज हो गई। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने खुलकर समर्थन करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, वहीं कांग्रेस ने सरकार को महिला सुरक्षा और महंगाई के मुद्दे पर घेरा।
विधानसभा में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, जबकि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग तक लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस की थाली खाली रहेगी, लेकिन मोहन सरकार में प्रदेश की 7.5 करोड़ जनता की थाली भरी रहेगी।”
रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी तंज कसते हुए कहा कि जिनका नेता “पप्पू” हो, उन्हें विकास कार्य दिखाई नहीं देते। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में समाज के हर वर्ग के साथ अन्याय किया, जबकि वर्तमान सरकार किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाडली बहना योजना, सोलर पंप योजना और रोजगार कार्यक्रमों से प्रदेश को मजबूती मिल रही है।
दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने विधानसभा में लापता महिलाओं और बच्चियों के आंकड़ों को लेकर गंभीर सवाल उठाया। सरकार की ओर से दिए गए आंकड़ों के अनुसार 2 लाख से अधिक महिलाएं और 65 हजार से अधिक बच्चियां लापता हैं। भूरिया ने इसे चिंताजनक बताते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री ही गृहमंत्री हों और ऐसे आंकड़े सामने आएं, तो जवाबदेही तय होनी चाहिए।
इसी बीच महिला कांग्रेस ने बजट के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की शुरुआत पीसीसी कार्यालय से की गई और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के निवास के बाहर विरोध जताने की तैयारी की गई। महिला कार्यकर्ताओं ने खाली थाली और खाली गैस सिलेंडर के साथ महंगाई और आम परिवारों पर बढ़ते आर्थिक दबाव का मुद्दा उठाया। भोपाल में चल रही यह राजनीतिक खींचतान संकेत दे रही है कि विधानसभा सत्र के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो सकता है।