कोलंबिया विमान हादसा: सांसद समेत 15 की मौत

Thu 29-Jan-2026,04:16 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

कोलंबिया विमान हादसा: सांसद समेत 15 की मौत Colombia-Plane-Crash-MP-Dead-2026
  • दुर्गम पहाड़ी इलाके में गिरा विमान, खराब मौसम और तकनीकी खराबी को माना जा रहा हादसे का कारण।

  • राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने जताया शोक, विस्तृत जांच के आदेश, हवाई सुरक्षा पर फिर उठे सवाल।

Delhi / Delhi :

कोलंबिया/ महाराष्ट्र के बारामती विमान हादसे की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और दर्दनाक विमान दुर्घटना ने दुनिया को झकझोर दिया। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में बुधवार, 28 जनवरी को एक सरकारी विमान क्रैश हो गया, जिसमें एक सांसद सहित 15 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा न केवल राजनीतिक दृष्टि से बल्कि हवाई सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
कोलंबिया के नागरिक उड्डयन अधिकारियों के अनुसार, यह ट्विन-इंजन प्रोपेलर विमान राजधानी क्षेत्र के कुकुटा से उड़ान भरकर ओकाणा जा रहा था। उड़ान के करीब 12 मिनट बाद ही विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। संपर्क टूटते ही आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किया गया और वायुसेना व बचाव एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

घंटों तक चले खोज अभियान के बाद कोलंबियाई वायुसेना ने विमान का मलबा प्लाया डी बेलन के एक दुर्गम और पहाड़ी ग्रामीण इलाके में खोज निकाला। दुर्घटनास्थल एंडीज पर्वतमाला का हिस्सा बताया जा रहा है, जहां खराब मौसम, घना जंगल और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण राहत एवं बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। इस भीषण हादसे में 36 वर्षीय सांसद डायोजनीज क्विंटरो की मौत हो गई, जो कटाटुम्बो क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। यह इलाका लंबे समय से आंतरिक संघर्ष और कोका खेती के लिए जाना जाता है। हादसे में आगामी चुनावों के उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो समेत कई अन्य सरकारी अधिकारी और कर्मचारी भी मारे गए।

प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे खराब मौसम, अचानक बदली जलवायु परिस्थितियों और संभावित तकनीकी खराबी को जिम्मेदार माना जा रहा है। हालांकि, अंतिम कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। लगातार सामने आ रही विमान दुर्घटनाओं की घटनाओं ने वैश्विक स्तर पर हवाई यात्रा की सुरक्षा को लेकर चिंता और बहस तेज कर दी है।