गिरौदपुरी धाम तक 140 किमी सतनाम सद्भावना पदयात्रा

Tue 17-Feb-2026,03:30 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

गिरौदपुरी धाम तक 140 किमी सतनाम सद्भावना पदयात्रा Satnam-Sadbhavana-Padyatra-Girodpuri-Dham
  • 18 से 22 फरवरी तक 140 किमी लंबी सतनाम सद्भावना पदयात्रा, रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक निकलेगी।

  • 22 से 24 फरवरी तक गिरौदपुरी में तीन दिवसीय विशाल मेला और सांस्कृतिक आयोजन।

Chhattisgarh / Baloda Bazar :

गिरौदपुरी धाम/ छत्तीसगढ़ शासन में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में बलौदा बाजार जिले स्थित गिरौदपुरी धाम तक भव्य सतनाम सद्भावना पदयात्रा आयोजित की जा रही है। “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” थीम पर आधारित यह यात्रा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देने का प्रयास है। आयोजन को लेकर प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

यह 140 किलोमीटर लंबी पदयात्रा 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 22 फरवरी को गिरौदपुरी धाम में संपन्न होगी। यात्रा की शुरुआत रायपुर के मोवा स्थित सतनाम भवन से होगी। पांच दिनों तक चलने वाली इस पदयात्रा में हजारों सतनाम धर्म अनुयायी तथा प्रदेश के विभिन्न समाजों के लोग भाग लेंगे। आयोजकों का कहना है कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और एकता का संदेश देने का मंच भी है।

पदयात्रा रायपुर से निकलकर सारागांव, खरोरा, केसला, भैंस, सैंडी, पलारी, अमेरा, पनगांव, लाहौद, लवन और कसडोल जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी। प्रत्येक पड़ाव पर श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए स्थानीय प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं।

22 फरवरी को पदयात्रा के गिरौदपुरी पहुंचने के साथ ही तीन दिवसीय विशाल मेले का शुभारंभ होगा, जो 24 फरवरी तक चलेगा। यह मेला गुरु घासीदास जी की जन्मस्थली पर आयोजित किया जाएगा। मेले में धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक संवाद के विभिन्न आयोजन होंगे। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा तय की है। उनका कहना है कि यह पदयात्रा गुरु घासीदास बाबा के समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।