पलामू नक्सल अभियान: 5 लाख के इनामी नक्सली मुखदेव यादव ढेर, सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Palamu Naxal encounter 2025
पलामू में नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता.
5 लाख का इनामी नक्सली मुखदेव यादव ढेर.
सुरक्षाबलों ने अभियान तेज किया, हथियार बरामद.
Palamu / झारखंड के पलामू जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को रविवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। तरहसी और मनातू थाना क्षेत्र की सीमा पर टीएसपीसी संगठन के नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 5 लाख के इनामी नक्सली मुखदेव यादव मारा गया। यह मुठभेड़ सुबह लगभग 7 बजे शुरू हुई और लंबे समय तक दोनों ओर से गोलीबारी चली। इसके बाद इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया।
जानकारी के अनुसार, मुखदेव यादव लंबे समय से टीएसपीसी संगठन का सक्रिय सदस्य था और कई नक्सली वारदातों में उसकी संलिप्तता रही है। हाल ही में 3 सितंबर की रात पलामू जिले में हुई मुठभेड़ में जब पुलिस के दो जवान शहीद हुए थे, तब भी मुखदेव यादव का नाम सामने आया था। इसी वजह से पुलिस उस पर लगातार नजर बनाए हुए थी और उसकी तलाश में थी।
पलामू पुलिस ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत टीएसपीसी कमांडर शशिकांत गंझू, जिस पर 10 लाख का इनाम घोषित है, को पकड़ने के लिए की गई थी। इस बड़े अभियान में कोबरा, जगुआर और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीमों को लगाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर रविवार सुबह सुरक्षाबलों ने तरहसी और मनातू थाना क्षेत्र के जंगलों में घेरा डाला। तभी नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मुखदेव यादव को ढेर कर दिया।
पलामू की एसपी ने इस सफलता को सुरक्षाबलों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और संगठन से जुड़े अन्य बड़े नक्सलियों को जल्द ही या तो गिरफ्तार कर लिया जाएगा या निष्प्रभावी किया जाएगा। मुठभेड़ स्थल से हथियार और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से संगठन की कमर टूटेगी और शेष नक्सलियों के आत्मसमर्पण की संभावना भी बढ़ जाएगी।