लखीमपुर खीरी: फरधान दुष्कर्म केस में पुलिस मुठभेड़, दो वांछित आरोपी गिरफ्तार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
फरधान दुष्कर्म कांड में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, पुलिस मुठभेड़ के बाद अमान लाला नहर पुलिया से दबोचे गए। आरोपी पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे थे, जवाबी कार्रवाई में घायल होकर गिरफ्तार।
महिला अपराधों पर सख्त रुख, पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस भी किए बरामद।
लखीमपुर खीरी | 20 दिसंबर 2025 थाना फरधान क्षेत्र में 15 दिसंबर 2025 को एक युवती के साथ हुई दुष्कर्म की गंभीर घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को पुलिस ने बीती रात अमान लाला नहर पुलिया के पास हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान उर्फ दानिश पुत्र मुशीर, निवासी कोढ़ैया, थाना फरधान तथा मुख्तार अहमद पुत्र मोबीन, निवासी भुड़वारा, थाना गोला, जनपद खीरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिस दौरान अभियुक्तों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्तों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी फरधान थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे थे और लगातार ठिकाने बदल रहे थे। इस गिरफ्तारी से पीड़िता और उसके परिवार को न्याय की दिशा में बड़ी राहत मिली है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला अपराधों के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की जांच तेजी से जारी है।