रामायण टीजर रिलीज: रणबीर कपूर राम बन छाए, फैंस का जबरदस्त रिएक्शन

Thu 02-Apr-2026,04:30 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

रामायण टीजर रिलीज: रणबीर कपूर राम बन छाए, फैंस का जबरदस्त रिएक्शन Ramayana-Teaser-Ranbir-Kapoor-First-Look
  • रामायण टीजर में रणबीर कपूर के भगवान राम अवतार को फैंस ने सराहा, सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा और ट्रेंड देखने को मिला।

  • दमदार स्टारकास्ट और भव्य विजुअल्स के साथ फिल्म दिवाली रिलीज के लिए तैयार, दर्शकों में बढ़ा उत्साह और उम्मीदें।

Madhya Pradesh / Bhopal :

Bhopal/ हनुमान जयंती के अवसर पर फिल्म ‘रामायण’ का टीजर देशभर के 30 शहरों में एक साथ लॉन्च किया गया, जिसमें मध्य प्रदेश भी शामिल रहा। इस भव्य लॉन्च ने फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ा दिया है।

टीजर की शुरुआत एक भयावह माहौल से होती है, जहां राक्षसों के अत्याचार से पूरी दुनिया में हाहाकार मचा हुआ है। इसी बीच भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर का एंट्री सीन दर्शकों को रोमांचित कर देता है। उनके लुक, बॉडी लैंग्वेज और भावनात्मक अभिव्यक्ति ने किरदार को जीवंत बना दिया है।

फिल्म के टीजर को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। आलिया भट्ट और करण जौहर ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टीजर शेयर कर रणबीर कपूर के अभिनय की जमकर तारीफ की है। करण जौहर ने लिखा कि रणबीर ने भगवान राम के स्वरूप को दिव्यता और श्रद्धा के साथ साकार किया है।

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने टीजर शेयर करते हुए कहा कि राम का जीवन त्याग, कर्तव्य और मानवता की मिसाल है, जो आज भी लोगों को प्रेरित करता है। उन्होंने इस फिल्म को केवल एक कहानी नहीं, बल्कि एक भावना बताया।

इस मेगा बजट फिल्म को करीब 4000 करोड़ रुपये में तैयार किया गया है, जो इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल करता है। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।

फिल्म की स्टारकास्ट भी बेहद दमदार है। इसमें रणबीर कपूर के अलावा यश रावण के रूप में नजर आएंगे। साई पल्लवी सीता की भूमिका निभा रही हैं, जबकि सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे। रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।

इसके अलावा काजल अग्रवाल मंदोदरी और रकुल प्रीत सिंह सूर्पनखा का किरदार निभा रही हैं। फिल्म का पहला भाग इस साल दिवाली पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर रिलीज किया जाएगा।

हालांकि जहां एक तरफ टीजर को लेकर जबरदस्त उत्साह है, वहीं कुछ लोग इसे अन्य पौराणिक फिल्मों से प्रेरित या कॉपी भी बता रहे हैं। इसके बावजूद फिल्म की चर्चा और लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।