झारखंड सीआईडी की बड़ी कार्रवाई: जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल मामलों में कोचिंग संचालक समेत दो गिरफ्तार

Mon 14-Sep-2026,10:41 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

झारखंड सीआईडी की बड़ी कार्रवाई: जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल मामलों में कोचिंग संचालक समेत दो गिरफ्तार JPSC-JSSC News
  • झारखंड सीआईडी ने जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा घोटाले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

  • जेपीएससी मामले में शिवांगन कोचिंग के संचालक संजीत कुमार और जेएसएससी मामले में दिलीप कुमार पासवान की गिरफ्तारी हुई।

  • गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विशेष अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Jharkhand / Ranchi :

Ranchi / झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और ओएमआर शीट में हेराफेरी के मामलों की जाँच कर रहे अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने सोमवार को एक कोचिंग संचालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को सीआईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

संजीत कुमार की गिरफ्तारी (जेपीएससी मामला):
सीआईडी ने जेपीएससी परीक्षा में अनियमितता से जुड़े मामले (सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026) में अप्राथमिकी अभियुक्त संजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। संजीत कुमार रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के शिव भवन, कमलाकांत रोड, रातू रोड का निवासी है और सर्कुलर रोड स्थित 'शिवांगन कोचिंग' का संचालन करता है।

जाँच में यह बात सामने आई है कि संजीत कुमार जेपीएससी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों और एजेंटों के बीच सेटिंग कराने की भूमिका में था। वह अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने का दावा कर उनसे अवैध वसूली करता था। वह परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी 'मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड' (टीडीपीएल) के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी और संचालक रामबीर सिंह के संपर्क में था। पूर्व में गिरफ्तार अभय कुमार तिवारी के बयान में भी संजीत कुमार का नाम मुख्य रूप से सामने आया था। अब सीआईडी उससे यह पूछताछ कर रही है कि उसने कुल कितने छात्रों से संपर्क किया, कितनी राशि वसूली, कितने छात्रों को अनुचित लाभ पहुँचाया और यह अवैध पैसा कहाँ-कहाँ बाँटा गया।

दिलीप कुमार पासवान की गिरफ्तारी (जेएसएससी-सीजीएल मामला):
दूसरी कार्रवाई जेएसएससी की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले (सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025) के तहत की गई। इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त दिलीप कुमार पासवान को गिरफ्तार किया गया है। वर्तमान में वह पश्चिम बंगाल के नवकाडिया थाना क्षेत्र के केंदा स्थित ईस्ट केंदा कॉलोनी का रहने वाला है, जबकि उसका मूल निवास बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के खड़ाईच स्थित नवकाडीह गाँव है।

सीआईडी की छानबीन में यह खुलासा हुआ है कि दिलीप कुमार पासवान ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा से जुड़े चार-पांच अभ्यर्थियों को पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित एक होटल में ले जाकर प्रश्न और उत्तर रटवाए थे। इस अवैध कार्य के एवज में उसने अभ्यर्थियों से भारी रकम वसूली थी। सीआईडी को इस मामले में वित्तीय लेन-देन और अन्य ठोस सबूत हाथ लगे हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे पूछताछ के लिए रांची बुलाया गया था, और संतोषजनक जवाब न मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब सीआईडी इस बिंदु पर जाँच कर रही है कि अभ्यर्थियों से वसूली गई इस राशि को उसने आगे किन-किन लोगों तक पहुँचाया था।