BRICS Summit 2026:18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आज से दिल्ली में, भारत मंडपम में जुटेंगे 11 देशों के नेता
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
BRICS Summit 2026
नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आज से शुरू होगा।
ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के नेता और वरिष्ठ प्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल होंगे।
पीएम मोदी कई नेताओं से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, पुतिन से मुलाकात पर भी नजर रहेगी।
New Delhi / राजधानी नई दिल्ली में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आज भारत मंडपम में शुरू होगा। दो दिन तक चलने वाले इस महत्वपूर्ण सम्मेलन को लेकर दिल्ली में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भारत वर्ष 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और इस बार सम्मेलन की थीम “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण” रखी गई है।
ब्रिक्स में 11 प्रमुख उभरती और विकासशील अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं। इनमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, भारत, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। सम्मेलन में इन देशों के शीर्ष नेताओं और वरिष्ठ प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फताह अल-सीसी, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन शामिल होंगे। अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और इथियोपिया के प्रधानमंत्री आबी अहमद अली भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
ब्राजील की ओर से विदेश मंत्री माउरु विएरा प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल-सऊद सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके अलावा मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग भी सम्मेलन में भाग लेंगे।
सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस और न्यू डेवलपमेंट बैंक की अध्यक्ष डिल्मा रूसेफ समेत कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख भी शामिल होंगे। इससे सम्मेलन का वैश्विक महत्व और बढ़ गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन से इतर कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। प्रधानमंत्री की आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता होने की संभावना है। दोनों नेताओं के बीच होने वाली बातचीत पर विशेष नजर रहेगी।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्राजील के विदेश मंत्री माउरु विएरा कल रात नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा आज सुबह राजधानी पहुंचे। वहीं ईरान, इंडोनेशिया, मिस्र, फिलीपींस और बुरुंडी के राष्ट्राध्यक्ष, अबू धाबी के युवराज तथा मलेशिया और इथियोपिया के प्रधानमंत्री भी आज बाद में नई दिल्ली पहुंचेंगे।
दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान वैश्विक स्तर पर उभरती चुनौतियों और विकास से जुड़े मुद्दों पर सदस्य देशों के बीच चर्चा होने की उम्मीद है। भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह सम्मेलन उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग को मजबूत करने और साझा प्राथमिकताओं पर आगे बढ़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजधानी में सम्मेलन को लेकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के एक मंच पर आने के साथ ही नई दिल्ली अगले दो दिनों तक वैश्विक कूटनीति के केंद्र में रहेगी।