PM मोदी का बड़ा संदेश, UPI का 11 देशों तक विस्तार, फिनटेक के नए लक्ष्यों पर जोर

Tue 08-Sep-2026,09:24 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

PM मोदी का बड़ा संदेश, UPI का 11 देशों तक विस्तार, फिनटेक के नए लक्ष्यों पर जोर Global Fintech Fest
  • पीएम मोदी ने बताया कि UPI का विस्तार अब 11 देशों तक हो चुका है।

  • दूसरे देशों के पेमेंट सिस्टम से जुड़ना भारत का अगला लक्ष्य बताया।

  • फिनटेक में साइबर सुरक्षा, डेटा सुरक्षा और उपभोक्ता संरक्षण पर जोर दिया।

Maharashtra / Mumbai :

Mumbai / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम, खासतौर पर यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) की सफलता और फिनटेक सेक्टर की बढ़ती संभावनाओं पर विस्तार से बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि UPI अब केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि 11 देशों तक इसका विस्तार हो चुका है। उन्होंने फिनटेक क्षेत्र को विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला क्षेत्र बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में लगातार तीसरी बार शामिल होने की खुशी है। उन्होंने इसे एक और ‘हैट्रिक’ बताते हुए कहा कि 2024 में लगातार तीसरी बार सरकार बनने के बाद यह फेस्ट में उनकी लगातार तीसरी भागीदारी है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, हर बार इस आयोजन में उन्हें पहले की तुलना में ज्यादा युवा ऊर्जा और संभावनाओं का विस्तार दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि युवाओं में जोखिम लेने की क्षमता बढ़ रही है और उनके सपने भी बड़े हो रहे हैं। यही ऊर्जा विकसित भारत के भविष्य को लेकर उनका भरोसा मजबूत करती है। पीएम मोदी ने कहा कि किसी एक लक्ष्य को हासिल कर रुकना उनकी कार्यशैली नहीं है। एक पड़ाव पूरा होने के बाद अगली चुनौती और नए लक्ष्य तय किए जाते हैं।

दूसरे देशों के पेमेंट सिस्टम से जुड़ने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब UPI की सफलता के बाद अगला लक्ष्य दूसरे देशों के पेमेंट सिस्टम के साथ जुड़ना होना चाहिए। उन्होंने भारत और सिंगापुर के बीच हुए पेमेंट सिस्टम इंटीग्रेशन का उदाहरण देते हुए कहा कि अब दोनों देशों के बीच भुगतान करना लगभग उसी तरह आसान हो गया है, जैसे एक शहर से दूसरे शहर में भुगतान करना।

उन्होंने कहा कि जिन देशों में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं, जहां भारत का बड़े स्तर पर व्यापार होता है और जो भारत के साथ जुड़ने के लिए तैयार हैं, उनके साथ पेमेंट सिस्टम को जोड़ने पर काम किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने विदेशों में काम करने वाले भारतीयों के लिए भी इसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय अपने परिवारों को बड़ी मात्रा में पैसा भेजते हैं, लेकिन रकम का एक हिस्सा ट्रांजैक्शन कॉस्ट में चला जाता है। UPI के विस्तार से इस लागत को कम करने और पैसा तेजी से परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत पर भरोसा
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय टकराव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। ऊर्जा और कमोडिटी की सप्लाई चेन पर दबाव बना हुआ है। ऐसे माहौल में भारत की 7.8 प्रतिशत की विकास दर दुनिया का भरोसा और मजबूत करती है।

उन्होंने भारत की सॉवरेन रेटिंग में सुधार को भी वैश्विक भरोसे का उदाहरण बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की सॉवरेन रेटिंग को ‘ए’ कैटेगरी में अपग्रेड किया है और यह उपलब्धि करीब तीन दशक के लंबे अंतराल के बाद हासिल हुई है।

पेमेंट से आगे बढ़ेगा फिनटेक
प्रधानमंत्री ने कहा कि फिनटेक का अगला अध्याय केवल पेमेंट तक सीमित नहीं रहेगा। तकनीक की मदद से अलग-अलग कारोबार करने वाले लोगों की आर्थिक गतिविधियों को समझकर उनकी जरूरत के मुताबिक वित्तीय मॉडल तैयार किए जा सकते हैं।

उन्होंने डिलीवरी पार्टनर और छोटे स्तर पर काम करने वाले लोगों का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे लोग नियमित रूप से कमाते हैं, लेकिन उन्हें बचत, पेंशन और दूसरे वित्तीय उत्पादों तक आसान पहुंच की जरूरत होती है। फिनटेक को यह सुविधा भी QR कोड से भुगतान जितनी सरल बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।

AI और क्वांटम टेक्नोलॉजी से नई संभावनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि तकनीक वित्तीय समावेशन का प्रभावी माध्यम है और UPI ने इसे साबित किया है। उन्होंने एजेंट AI, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसी उभरती तकनीकों को फिनटेक के नए अवसरों से जोड़ते हुए कहा कि इनके जरिए नई कंपनियों और नए बिजनेस मॉडल के रास्ते खुल सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने फिनटेक क्षेत्र के सामने चार प्रमुख लक्ष्य भी रखे। इनमें भारत में साइबर सुरक्षा को शीर्ष स्तर पर ले जाना, फिनटेक इंडस्ट्री के लिए नैतिक डेटा सुरक्षा मानक तैयार करना, मजबूत रेगुलेटर-इंडस्ट्री इनोवेशन इकोसिस्टम बनाना और फिनटेक उपभोक्ता संरक्षण सूचकांक तैयार करना शामिल है।

पीएम मोदी ने फिनटेक सेक्टर से इन लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ने और भारत को डिजिटल वित्त के क्षेत्र में और मजबूत बनाने का आह्वान किया।