धमतरी में ड्रोन तकनीक और CSC से खेती को मिलेगा नया आधुनिक आयाम
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Dhamtari-Drone-Farming-CSC-Initiative
धमतरी जिले में सहकारी समितियों को CSC से जोड़कर किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक, डिजिटल सेवाएं और स्मार्ट खेती के संसाधन पहुंचाने की पहल तेज हुई है।
प्रशासन का लक्ष्य हर किसान को आधुनिक खेती से जोड़ना, तकनीकी सशक्तिकरण के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर ‘सहकारिता से समृद्धि’ को साकार करना है।
Raipur/ छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में ‘सहकारिता से समृद्धि’ के विजन को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए प्रशासन ने कृषि क्षेत्र में नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के नेतृत्व में किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से सहकारी समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से जोड़ने की योजना शुरू की गई है। इस पहल से डिजिटल और स्मार्ट खेती को नई गति मिलने की उम्मीद है।
धमतरी में कृषि क्षेत्र को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए अब ड्रोन तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की उपस्थिति में ड्रोन का सफल डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों और अधिकारियों को विस्तार से बताया गया कि कैसे ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक और उर्वरकों का छिड़काव किया जाता है।
डेमोंस्ट्रेशन में यह स्पष्ट हुआ कि ड्रोन तकनीक के उपयोग से कम समय में बड़े क्षेत्र को कवर किया जा सकता है, जिससे श्रम लागत कम होती है और कार्य की सटीकता बढ़ती है। यह तकनीक विशेष रूप से उन किसानों के लिए लाभकारी है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर उत्पादन चाहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने अधिकारियों से तकनीक के व्यवहारिक उपयोग की जानकारी ली और इसे जिलेभर में लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में CSC के माध्यम से हर सहकारी समिति को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाएगा, जिससे किसानों को आधुनिक संसाधनों और सेवाओं का सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में नई तकनीकों को अपनाना जरूरी है। ड्रोन तकनीक न केवल खेती की लागत को कम करेगी, बल्कि उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय में भी सुधार लाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि धमतरी का हर किसान आधुनिक कृषि से जुड़े और आर्थिक रूप से समृद्ध बने।
इस अवसर पर DRCS, नोडल CCB, ब्रांच मैनेजर, समिति प्रबंधक, CSC SPM सुरेन्द्र दास, CSC DM विनय गिरि और ड्रोन तकनीकी टीम के सदस्य सहित किसान उपस्थित रहे।