मंत्री श्री सिंह ने सिहोरा विधानसभा क्षेत्र के चार महत्वैपूर्ण सड़कों का किया भूमिपूजन- विकास को नई गति
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
विकासवादी सोच से सिहोरा विधानसभा में 8.27 करोड़ की लागत से चार नई सड़कों का भूमिपूजन किया गया।
मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि दो वर्षों में पीडब्ल्यूडी ने 3500 करोड़ की सड़कों का निर्माण करवाया।
सिहोरा/ लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए कुल 8.27 करोड़ की लागत से बनने वाली चार महत्वपूर्ण सड़कों का भूमिपूजन किया। इनमें पिटकुही–पंडुटोला मार्ग, जैतपुरी–निवास मार्ग, नारायणपुर–पिपरिया मार्ग तथा बटुआ–घुघरा मार्ग शामिल हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि व स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आज देश और प्रदेश में विकासवादी सोच के कारण गांव-गांव पक्की सड़कें बन रही हैं। पहले छोटी-छोटी सड़कों के लिए वर्षों संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नीतियों ने विकास को जमीन पर उतारा है। उन्होंने बताया कि एक-एक विधानसभा में 100–150 करोड़ के कार्य यह प्रमाण हैं कि विकास अब कागज़ों पर नहीं, बल्कि वास्तविक धरातल पर दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर जबलपुर में बना है जिसे देखने दूसरे प्रदेशों के लोग भी आते हैं। 118 किमी रिंग रोड और 4 हजार करोड़ की परियोजनाएँ किसानों की ज़मीन की कीमतें कई गुना बढ़ा रही हैं। मंत्री ने बताया कि दो वर्षों में लोक निर्माण विभाग द्वारा 3500 करोड़ की सड़कों का निर्माण किया गया है।
कार्यक्रम में मंत्री ने महिला सशक्तिकरण योजनाओं, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी, आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण है। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस की महत्ता बताते हुए रानी दुर्गावती लोक निर्माण का जिक्र किया। विधायक श्री संतोष बरकड़े ने कहा कि पहले सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। उन्होंने मंत्री का आभार व्यक्त किया।