Odisha Development Push: राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने 47,600 करोड़ की परियोजनाएं शुरू कीं
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Odisha Development
ओडिशा में 47,600 करोड़ रुपये की 72 विकास परियोजनाओं की शुरुआत।
राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने रायरंगपुर में कार्यक्रम में लिया हिस्सा।
जनजातीय विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा बढ़ावा।
Bhubaneshwar / ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में शनिवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ऊर्जा, सड़क संपर्क, औद्योगिक अवसंरचना, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई जैसे क्षेत्रों से जुड़ी 60 परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि 12 नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। करीब 47,600 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करना और आर्थिक विकास को नई गति देना है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि उनका रायरंगपुर दौरा ओडिशा और विशेष रूप से जनजातीय समाज के प्रति उनके विशेष स्नेह और सम्मान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है, वे केवल विकास कार्य नहीं हैं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और समावेशी विकास की सोच का प्रतीक हैं।
राष्ट्रपति ने जनजातीय समुदायों के विकास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें जनजातीय भाषाओं, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री वन-धन योजना, राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे जनजातीय समाज को व्यापक लाभ मिल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और मयूरभंज आने को अपने लिए सौभाग्य बताया। उन्होंने घोषणा की कि राष्ट्रपति के पैतृक गांव पहाड़पुर को ‘सूर्य ग्राम’ यानी सोलर विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने ओडिशा सरकार को दो वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि राज्य विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर ओडिशा में रज पर्व और जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर विकास का उत्सव भी पूरे राज्य में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने राज्य में सड़क, रेल, बंदरगाह और जलमार्ग परियोजनाओं के विस्तार की सराहना की और कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर ओडिशा को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए काम कर रही हैं।
कार्यक्रम से पहले राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने गोषाणी पीठ, संथाली जाहेरा और हो जाहेरा में पूजा-अर्चना की। इसके अलावा उन्होंने पहाड़पुर स्थित कौशल विकास केंद्र और विद्यालय का भी दौरा किया।
इस कार्यक्रम को ओडिशा के विकास, जनजातीय उत्थान और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।