रायपुर में सिटी गैस परियोजना का शुभारंभ
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Raipur-City-Gas-Project-Launch-CM-Sai
रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद में सिटी गैस परियोजना शुरू, घरों और प्रतिष्ठानों तक पाइपलाइन गैस की आपूर्ति।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सीएनजी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दिया।
Raipur/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सीएनजी से संचालित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइपलाइन गैस की सुविधा और अनुभव के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है। इन वर्षों में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और सिटी गैस परियोजना इस प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने इसे स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शहरी ढांचे की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मेट्रो शहरों की तर्ज पर अब डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पाइपलाइन से गैस पहुंचाई जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर की निर्भरता से मुक्ति मिलेगी और सुरक्षा मानकों में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि सस्ती और निरंतर उपलब्ध ऊर्जा से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और निवेश के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि रायपुर के साथ-साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क जल्द विकसित किया जाएगा। सीएनजी के उपयोग से वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और आम लोगों को ईंधन खर्च में राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हाल ही में प्रस्तुत राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विकास और पर्यावरण संरक्षण को संतुलित रखते हुए राज्य ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता दे रहा है। कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक राहुल चोपड़ा, निदेशक राजीव माथुर, अध्यक्ष दीपक सावंत, राकेश रंजन, गेल इंडिया के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।