सेमीकॉन इंडिया 2026 का आगाज, भारत में सेमीकंडक्टर निवेश को मिली नई रफ्तार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया।
सेमीकॉन 2.0 में चिप डिजाइन, मशीन-मटीरियल और एडवांस्ड पैकेजिंग पर विशेष फोकस रहेगा।
एप्लाइड मैटेरियल्स और लैम रिसर्च ने भारत में बड़े निवेश की योजनाएं घोषित कीं।
New Delhi / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के यशोभूमि में SEMICON India 2026 के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय यह आयोजन 17 से 19 सितंबर तक चल रहा है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘सिलिकॉन से सिस्टम तक: इकोसिस्टम का निर्माण’ रखी गई है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी गई, जिसके बाद उन्होंने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज विश्वकर्मा जयंती भी है और भगवान विश्वकर्मा को निर्माण तथा सृजन की शक्ति का प्रतीक माना जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक तरफ भारत की सदियों पुरानी निर्माण परंपरा है और दूसरी तरफ 21वीं सदी की तकनीक तथा विजन। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की प्रेरणा से जोड़ा। SEMICON India 2026 में सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़ी वैश्विक और भारतीय कंपनियां, निवेशक, शोधकर्ता, स्टार्टअप, शिक्षाविद और छात्र हिस्सा ले रहे हैं। सरकार के मुताबिक आयोजन में 600 से अधिक प्रदर्शक और 300 अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की भागीदारी है।
सेमीकॉन 2.0 में चार प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सेमीकॉन 2.0 की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य कम से कम 200 स्टार्टअप और कंपनियों को चिप डिजाइन के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। इसके साथ मशीन और मटीरियल, डिस्प्ले, मेमोरी, सिलिकॉन, कंपाउंड और लॉजिक से जुड़े क्षेत्रों तथा एडवांस्ड पैकेजिंग पर भी जोर दिया जाएगा। ओडिशा में 3D पैकेजिंग यूनिट पर काम चल रहा है।
कार्यक्रम में Applied Materials के सेमीकंडक्टर प्रोडक्ट्स ग्रुप के प्रेसिडेंट प्रभु राजा ने भारत में अगले दशक के लिए 5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कंपनी का ‘India Vision 2035’ तीन स्तंभों पर आधारित होगा—भारत में रिसर्च एवं डेवलपमेंट को मजबूत करना, सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को गति देना और भविष्य के टैलेंट को तैयार करना।
प्रभु राजा ने भारत में 140 एकड़ के एडवांस्ड सेमीकंडक्टर रिसर्च पार्क के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता भी जताई। इसमें क्लीनरूम सुविधाओं के साथ इंजीनियरिंग और आरएंडडी क्षमताएं विकसित करने की योजना है। कंपनी ने 2035 तक भारत आधारित सप्लाई चेन क्षमता को दस गुना बढ़ाने का लक्ष्य बताया है।
वहीं Lam Research के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर शेषा भारद्राजन ने भारत में पहली सिलिकॉन कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने के लिए करीब 10,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना की जानकारी दी। SEMICON India 2026 ऐसे समय हो रहा है जब सरकार ने सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को विस्तार देने के लिए Semicon 2.0 को मंजूरी दी है।
इस आयोजन में ‘सैंड टू सिलिकॉन टू सिस्टम्स’ वैल्यू चेन के जरिए सेमीकंडक्टर क्षेत्र की पूरी श्रृंखला को प्रदर्शित किया जा रहा है। सरकार के अनुसार Semicon India Programme के तहत स्वीकृत परियोजनाओं में से तीन ने वाणिज्यिक उत्पादन भी शुरू कर दिया है।