ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक 2026: संयुक्त घोषणा-पत्र पारित, खेल सहयोग को नई दिशा

Sun 23-Aug-2026,10:52 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक 2026: संयुक्त घोषणा-पत्र पारित, खेल सहयोग को नई दिशा Brics Sports Meeting 2026
  • ब्रिक्स खेल संयुक्त घोषणा-पत्र सर्वसम्मति से पारित।

  • खेल तकनीक, एथलीट आदान-प्रदान और समावेशिता पर जोर।

  • पारंपरिक खेलों और खेल सामग्री निर्माण को बढ़ावा।

Delhi / New Delhi :

New Delhi / आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत आयोजित ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से ‘ब्रिक्स खेल संयुक्त घोषणा-पत्र’ पारित किया और बातचीत, आपसी सम्मान तथा समावेशिता के माध्यम से खेल सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ब्रिक्स देशों के बीच ‘ब्रिक्स खेल साझेदारी’ विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी केवल घोषणाओं तक सीमित न रहकर एथलीटों और प्रशिक्षकों के आदान-प्रदान, संयुक्त प्रतियोगिताओं तथा खेल विज्ञान से जुड़े ज्ञान के साझा उपयोग जैसे व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देनी चाहिए।

डॉ. मांडविया ने राष्ट्र-निर्माण में खेलों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि भारत खेल प्रतिभाओं के लिए मैदान से वैश्विक मंच तक नए अवसर तैयार कर रहा है। उन्होंने खेल सामग्री निर्माण को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित ‘खेल सामग्री निर्माण क्लस्टर संवर्धन योजना’ का भी उल्लेख किया। इसके माध्यम से निवेश को प्रोत्साहन देने और वैश्विक बाजारों के लिए घरेलू उत्पादन को मजबूत करने का लक्ष्य है।

भारत की अध्यक्षता में खेल सहयोग के लिए कई महत्वपूर्ण पहल सामने आईं। इनमें खेल प्रौद्योगिकी पर ब्रिक्स कार्य समूह प्रमुख है, जो खेल विज्ञान, खिलाड़ी प्रदर्शन, प्रशासन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल परिवर्तन और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगा।

इसके अलावा, ब्रिक्स खेल सामग्री निर्माण पर सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। नवंबर 2026 में राजस्थान के उदयपुर में प्रस्तावित इस सम्मेलन में प्रौद्योगिकी, नवाचार, गुणवत्ता मानकों, अंतर-ब्रिक्स व्यापार और आपूर्ति श्रृंखलाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसमें निर्माता, निर्यातक, निवेशक, प्रौद्योगिकी कंपनियां, एमएसएमई, स्टार्टअप और शोध संस्थान भाग ले सकेंगे।

ब्रिक्स पारंपरिक और देसी खेल प्रदर्शन खेल 2026 भी भारत की अध्यक्षता की महत्वपूर्ण पहल है। 12-13 अक्टूबर 2026 को गुजरात के अहमदाबाद में प्रस्तावित इस आयोजन का उद्देश्य ब्रिक्स देशों की पारंपरिक खेल विरासत को प्रदर्शित और संरक्षित करना है। इसके माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान, लोगों के बीच संपर्क और आपसी समझ को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।

बैठक से पहले विशाखापत्तनम में ‘ब्रिक्स फ्रेंडशिप साइकिलिंग इवेंट’ आयोजित किया गया। यह ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 87वें संस्करण के तहत हुआ, जिसमें विभिन्न ब्रिक्स देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम ने फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और लोगों के बीच आपसी संबंधों को बढ़ावा देने में खेलों की भूमिका को रेखांकित किया।

बैठक में पैरा-स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने और खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया गया। प्रतिनिधिमंडलों ने युवा विकास, समावेश, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया।

विशाखापत्तनम बैठक के परिणाम भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के व्यापक दृष्टिकोण—अनुकूलता, नवाचार, सहयोग और संवहनीयता—के अनुरूप खेल क्षेत्र में दीर्घकालिक और व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आए।