PM मोदी 17 सितंबर को करेंगे Semicon India 2026 का उद्घाटन, 600+ कंपनियां होंगी शामिल
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
पीएम मोदी 17 सितंबर को यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन करेंगे।
सम्मेलन में 600 से अधिक कंपनियां और 52 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सेमीकंडक्टर से लेकर चिप डिजाइन और इलेक्ट्रॉनिक्स तक पूरी मूल्य श्रृंखला प्रदर्शित होगी।
New Delhi / प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाला यह सम्मेलन और प्रदर्शनी 17 से 19 सितंबर तक आयोजित होगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में सहयोग, निवेश, नवाचार और प्रतिभा विकास को बढ़ावा देना है।
वैश्विक कंपनियों और विशेषज्ञों की भागीदारी
सेमीकॉन इंडिया 2026 की थीम ‘सिलिकॉन से सिस्टम तक: इको सिस्टम का निर्माण’ रखी गई है। सम्मेलन में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मूल्य श्रृंखला से जुड़ी भारतीय और वैश्विक कंपनियां, नीति निर्माता, निवेशक, शोधकर्ता, स्टार्टअप, शैक्षणिक संस्थान और विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के दौरान विभिन्न समानांतर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें डिस्प्ले उद्योग में हुई प्रगति, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और संयुक्त उपक्रमों को बढ़ावा देने के लिए छह कंट्री राउंडटेबल तथा महिला नेतृत्व पर विशेष मंच शामिल हैं।
रेत से सिलिकॉन और सिस्टम तक की पूरी यात्रा
सेमीकॉन इंडिया 2026 में सेमीकंडक्टर क्षेत्र की पूरी मूल्य श्रृंखला को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें सेमीकंडक्टर सामग्री और उपकरणों से लेकर चिप डिजाइन, निर्माण, उन्नत पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम तक की पूरी प्रक्रिया को समझाया जाएगा। सम्मेलन में नया ‘रेत से सिलिकॉन से सिस्टम तक’ मूल्य श्रृंखला अनुभव भी प्रदर्शित किया जाएगा, जो सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम की पूरी यात्रा को एक साथ प्रस्तुत करेगा।
600 से अधिक कंपनियां होंगी शामिल
आयोजकों के अनुसार, सेमीकॉन इंडिया 2026 में 600 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी और करीब 50,000 आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम में 52 देशों के प्रतिनिधि, 400 से अधिक अधिकारी और 150 से ज्यादा वक्ता शामिल होंगे।
प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन के छह कंट्री पवेलियन होंगे। इसके अलावा 12 स्टेट बूथ, स्टार्टअप पवेलियन, इनोवेशन शोकेस, स्टूडेंट हैकाथॉन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन भी लगाए जाएंगे। सम्मेलन भारत के उभरते सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को वैश्विक मूल्य श्रृंखला से जोड़ने के लिए विभिन्न हितधारकों को एक मंच प्रदान करेगा।